विवाह के बाद विदाई की रस्म के दौरान दूल्हे से नकदी और चेन लूटकर ले गए बदमाश
परिवार की महिलाओं ने दूल्हे को करीब 50 हजार रुपये दिए थे। दूल्हे ने नोटों की माला भी पहन रखी थी।
हापुड़ (जेएनएन)। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शिवदयालपुरा में निकाह के दौरान चल रही सलामी (विदाई) की रस्म के दौरान कुछ असामाजिक तत्व घुस गए। उन्होंने दूल्हे को मिले रुपये, नोटों की माला और उसकी सोने की चेन लूट ली। इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लूटपाट करने वालों ने महिलाओं से भी अभद्रता की। पीड़ित परिवार ने इस मामले की तहरीर दे दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शिवदयालपुरा निवासी नसीमुद्दीन ने अपनी पुत्री दरक्शा का रिश्ता दिल्ली निवासी मुदस्सर के साथ किया था। रविवार को उन दोनों का निकाह पढ़ाया जा रहा था। निकाह संपन्न होने के बाद दुल्हन की विदाई की रस्म अदा की जा रही थी। एक कमरे में घर की महिलाएं और दूल्हा मौजूद थे।
इस दौरान परिवार की महिलाओं ने दूल्हे को करीब 50 हजार रुपये दिए थे। दूल्हे ने नोटों की माला भी पहन रखी थी। महिलाएं दूल्हे को सोने की चेन पहना ही रही थी कि तभी छह-सात युवक कमरे में घुस आए। बताया गया है कि युवकों ने दूल्हे के हाथ में मौजूद रुपये, नोटों की माला और सोने की चेन लूट ली।
इससे पहले कि वहां मौजूद महिलाएं शोर मचाती, तब तक युवक महिलाओं से धक्का-मुक्की और अभद्रता करते हुए मौके से फरार हो गए। महिलाओं का शोर सुनकर परिवार के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घर के सदस्यों ने लुटेरों को ढूढ़ने की कोशिश की, लेकिन काफी खोजबीन करने के बाद भी उनका सुराग नहीं लग सका। परिजन ने बताया कि घर में छह-सात युवकों में से एक युवक को पहचान लिया गया है।
इस मामले की सूचना पुलिस को भी दी गई। घटना के बाद दुल्हन को विदा करने की रस्म पूरी कर दी गई। परिजन ने बताया कि दूल्हे ने दो-दो हजार के नोटों की माला पहन रखी थी। इसके अलावा उस पर लगभग 50 हजार रुपये भी थे।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पंकज लवानिया ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस को भेजकर जांच कराई गई है। फिलहाल दुल्हन को विदा कराने के बाद परिजन ने तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर जल्द ही लुटेरों को गिरफ्तार कर रुपये की बरामदगी की जाएगी।