Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

OBC क्रीमीलेयर की आय सीमा छह लाख से बढ़ाकर आठ लाख करने की घोषणा, CM सैनी ने ओबीसी वर्ग के लिए खोला पिटारा

रविवार शाम भाजपा ओबीसी मोर्चा की ओर से गुरुग्राम के तिकोना पार्क में समरसता सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि उसने ओबीसी वर्ग का केवल वोट लिया। ओबीसी वर्ग का भला नहीं किया। ओबीसी वर्ग का लाभ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया है।

By Jagran News Edited By: Sonu Suman Updated: Sun, 23 Jun 2024 09:41 PM (IST)
Hero Image
OBC क्रीमीलेयर की आय सीमा छह लाख से बढ़ाकर आठ लाख करने की घोषणा

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। ओबीसी वर्ग को साधने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार शाम घोषणाओं का पिटारा खोल दिया। क्रीमिलेयर की वार्षिक आय सीमा छह लाख रुपये से बढ़ाकर आठ लाख रुपये करने की घोषणा कर दी गई। केंद्र सरकार की तर्ज पर आय में वेतन और कृषि से आय को शामिल नहीं किया जाएगा। इससे ओबीसी वर्ग को काफी लाभ होगा। यही नहीं नौकरियों में पिछड़ा वर्ग-ए और बी के बैगलाग को जल्द ही प्राथमिकता के आधार पर भरा जाएगा। विधानसभा चुनाव में भी ओबीसी वर्ग से आने वाले उन नेताओं को प्राथमिकता दी जाएगी, जो जीत सकते हैं।

रविवार शाम भाजपा ओबीसी मोर्चा की ओर से गुरुग्राम के तिकोना पार्क में आयोजित समरसता सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि उसने ओबीसी वर्ग का केवल वोट लिया। ओबीसी वर्ग का भला नहीं किया। ओबीसी वर्ग का लाभ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ओबीसी वर्ग के हितों की रक्षा कर रही है और आगे भी करेगी।

OBC वर्ग के युवाओं को मिलेगा रोजगार 

उन्होंने कहा कि ग्रुप-ए और ग्रुप-बी के पदों में पिछड़े वर्गों के 15 प्रतिशत आरक्षण को बढ़ाकर 27 प्रतिशत किया जाएगा। बैगलाग को प्राथमिकता के आधार पर भरने के लिए विशेष भर्ती अभियान चलाया जाएगा। ओबीसी वर्ग के युवाओं को रोजगार आसानी से मिले इसके लिए हरियाणा कौशल रोजगार निगम में भी नियुक्ति के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण देने की व्यवस्था की जाएगी। प्रदेश में ओबीसी वर्ग के बच्चों को शिक्षा प्रदान करने के लिए 12 हजार रुपये से 20 हजार रुपये तक छात्रवृत्ति प्रदान की जा रही है।

विश्वकर्मा योजना के तहत 13 हजार करोड़ का प्रावधान

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने भगवान विश्वकर्मा योजना के तहत ओबीसी वर्ग के लोगों के लिए 18 ट्रेड में प्रशिक्षण देने के लिए 13 हजार करोड़ रुपये के बजट का प्रविधान किया है। केंद्र व प्रदेश सरकार ने अपने पिछले दस साल के कार्यकाल में जितना लाभ ओबीसी वर्ग को दिया है उतना पूर्व की विपक्ष की सरकार द्वारा कभी भी नहीं दिया गया। इनसे पहले भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कर्णदेव कंबोज ने मोर्चा की तरफ से मुख्यमंत्री के सामने मांगें रखीं। जिनमें से अधिकतर मांगें मौके पर ही मुख्यमंत्री ने स्वीकार कर लिया। 

कई नेता रहे मौजूद

सम्मेलन को भाजपा केंद्रीय संसदीय बोर्ड की सदस्य व पूर्व सांसद डॉ. सुधा यादव, हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष रणबीर गंगवा, राज्यसभा सदस्य रामचंद्र जांगड़ा, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष व ओबीसी मोर्चा के प्रदेश प्रभारी जीएल शर्मा, गुरुग्राम भाजपा जिलाध्यक्ष कमल यादव आदि ने संबोधित किया। आयोजन में भाजपा पर्यावरण प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक व पूर्व पार्षद कपिल दुआ ने विशेष भूमिका निभाई।

2047 तक हर स्तर पर मजबूत राष्ट्र होगा भारत

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। 2047 तक देश हर स्तर पर मजबूत राष्ट्र होगा। उन्होंने लोकसभा चुनाव के दौरान विपक्ष द्वारा झूठा प्रचार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता सब समझ चुकी है। भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनता को सच्चाई से अवगत कराएं। केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों से अवगत कराएं। प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी।

ये भी पढ़ें- Gurugram Factory Blast: फैक्ट्री में ब्लास्ट से दहला दो किमी का इलाका, 300 मी दूर गिरा मलबा; मकानों में आई दरारें

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें