Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Heat Wave Alert: दिल्ली में गर्मी बढ़ने से बढ़ा लू लगने का खतरा, तरल पदार्थ का करें ज्यादा इस्तेमाल

Heat Wave Alert दिल्ली में गर्मी बढ़ने के साथ ही लू लगने का खतरा भी बढ़ा है। कई इलाकों में 40 डिग्री से अधिक तापमान रहने पर हीट स्ट्रोक का खतरा भी हो सकता है। चिकित्सकों ने धूप में निकलने से बचने और खूब पानी पीने की सलाह दी है।

By Abhishek TiwariEdited By: Updated: Wed, 30 Mar 2022 10:21 AM (IST)
Hero Image
Heat Wave Alert: दिल्ली में गर्मी बढ़ने से बढ़ा लू लगने का खतरा, तरल पदार्थ का करें ज्यादा इस्तेमाल

 नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। राजधानी दिल्ली में तेज गर्मी शुरू होने से लू लगने का खतरा बढ़ गया है। डाक्टर कहते हैं कि मौसम का तापमान अचानक बढ़ने से हीट एग्जर्शन हो सकता है। यदि तापमान और बढ़ा और कुछ दिनों कई इलाकों में 40 डिग्री से अधिक तापमान बरकरार रहने पर हीट स्ट्रोक का खतरा भी हो सकता है। इसलिए डाक्टर धूप में निकलने से बचने व खूब पानी पीने की सलाह दे रहे हैं।

अपोलो अस्पताल के मेडिसिन विभाग के विशेषज्ञ डा. सुरनजीत चटर्जी ने कहा कि इस बार गर्मी जल्दी आ गई। अचानक तापमान बढ़ने से शरीर को उसके अनुरूप ढालने में परेशानी होती है। इस वजह से अभी हीट एग्जर्शन होने का खतरा अधिक है। ऐसी स्थिति में शरीर का हाइड्रेशन खराब हो जाता है। इस वजह से थकान व शरीर में अकड़न होने लगता है। तापमान बढ़ने के साथ मौसम में नमी ज्यादा कम होने पर हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ेगा। अभी हीट स्ट्रोक जैसी स्थिति नहीं है। ऐसी स्थिति कुछ दिनों में आ सकती है।

गर्मी से बचाव के लिए हल्के कपड़ें पहनना चाहिए और पानी खूब पीना जरूरी है। ताकि शरीर में पानी की मात्रा कम न होने पाए। वातानुकूलित कमरे व कार से बाहर निकलने के बाद धूप में जाने से पहले थोड़ी देर पहले छाव में खड़ा रहना जरूरी है। इसी तरह गर्मी से आने के बाद वातानुकूलित कमरे व कार में बैठने से पहले थोड़ी देर तक छांव में रहना जरूरी है।

दिल्ली मेडिकल एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष डा. अजय लेखी ने कहा कि तापमान 40 डिग्री से अधिक पहुंचने पर लू लगने का खतरा बढ़ जाता है। इस वजह से तेज बुखार भी हो सकता है। बच्चों को समस्या अधिक हो सकती है। इससे बचाव के लिए तरल पदार्थ का इस्तेमाल अधिक करें। धूप में निकलने पर मस्तिष्क व चेहरे को ढंक कर रखें। छाता का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। बाहर गर्मी से घर या दफ्तर पहुंचकर तुरंत ठंडा पानी नहीं पीना चाहिए। इसके अलावा गर्मी से आकर तुरंत एसी चलाकर बैठने से भी तबीयत खराब हो सकती है।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें