Move to Jagran APP

बेजुबान पर भारी पड़ी इंसानों की लापरवाही, तमाशबीन बनी रही भीड़, घंटों चला तमाशा

जैसे ही घोड़े का पांव लोहे के जाल पर पड़ा, वैसे ही उसका पैर धंसता चला गया। आलू की बोरियां घोड़े के ऊपर गिरती चली गईं।

By Amit MishraEdited By: Updated: Sat, 24 Feb 2018 06:26 PM (IST)
Hero Image
बेजुबान पर भारी पड़ी इंसानों की लापरवाही, तमाशबीन बनी रही भीड़, घंटों चला तमाशा

नई दिल्ली [शुजाउद्दीन]। मानवीय लापरवाही की सजा अक्सर किसी निरीह पशु को उठानी पड़ती है। घोंडा चौक के बीचोंबीच सड़क पर बेतरतीब तरीके से लगे लोहे के जाल ने शुक्रवार को एक घोड़े को घायल कर दिया। इस घटना में घोड़े का पांव टूट गया। घटना इतनी ह्रदय विदारक थी कि घोड़ा करीब दो घंटे तक सड़क पर ही बेसुध पड़ा दर्द से कराहता रहा।

धंसता चला गया घोड़े का पैर 

घोड़ा बग्घी से बंधा हुआ था, जिसपर आलू की बोरियां लदी थीं। जैसे ही घोड़े का पांव लोहे के जाल पर पड़ा, वैसे ही उसका पैर धंसता चला गया। आलू की बोरियां घोड़े के ऊपर गिरती चली गईं। घोड़े की दर्द भरी चीखें सुनकर वहां पर सैकड़ों लोग जमा हो गए, लंबा जाम लग गया। लेकिन, चीखें जनप्रतिनिधियों और दिल्ली यातायात पुलिस के कानों तक नहीं पहुंचीं। इस घटना से डेढ़ घंटा तक घोंडा चौक, ब्रह्मपुरी रोड, नूर-ए-इलाही रोड, गांवडी रोड पर भीषण जाम लगा रहा।

आए दिन होता है हादसा 

शुक्रवार करीब ढाई बजे के आसपास कृष्ण कुमार नाम का शख्स घोड़े को लेकर यमुनापार विहार की तरफ से ब्रह्मपुरी रोड स्थित कल्याण सिनेमा के पास सब्जी मंडी जा रहा था। जब वह घोंडा चौक पर पहुंचा तो घोड़े का पांव पुलिया के ऊपर लगे लोहे के जाल में फंस गया, इससे घोड़े का संतुलन बिगड़ गया और वह वहीं गिर गया। घोड़े के चालक ने अन्य वाहन चालकों की सहायत से पहले घोड़े के ऊपर से आलू की बोरियां हटाईं और उसका पांव जाल से निकाला। इस दौरान चौक पर कोई पुलिसकर्मी भी मौजूद नहीं था। यहां के लोगों ने बताया कि आए दिन वाहन चालक भी इस जाल के शिकार होते हैं।

ऐसी है स्थिति 

घोंडा चौक पर करीब डेेढ़ साल पहले ट्रेफिक सिग्नल लगाया गया था, ताकि यातायात सुचारू रूप से चल सके। लेकिन, सिग्नल लगने के कुछ समय के बाद ही खराब हो गया, जो आज तक खराब है। चौक के चारों और ई रिक्शा और ग्रामीण सेवा वाले खड़े रहते हैं। जिससे यहां पर भीषण जाम लगा रहता है। पुलिस की मौजूदगी और घटना को लेकर उत्तरी पूर्वी दिल्ली यातायात पुलिस के एसीपी विपल त्रिपाठी से बात की गई तो उन्होंने कहा कि इस घटना की जानकारी नहीं है। हालांकि, चौक पर रोजाना लगने वाले जाम पर कुछ नहीं बोले। पूरे मामले पर घोंडा से विधायक श्रीदत्त शर्मा का कहना है कि यह घटना मेरी जानकारी में नहीं है, लोक निर्माण विभाग को इस बारे में अवगत करवाया जाएगा। वहां पर नया जाल लगाया जाएगा।

परेशान हैं इलाके को लोग 

प्रत्यक्षदर्शी व स्थानीय निवासी नवीन चौधरी ने बताया कि घोंडा चौक पर लगने वाला जाम आसपास के कई इलाकों के लोगों के लिए जी का जंजाल हो गया है। काफी शिकायतों के बाद यहां रेड लाइट तो लगी, मगर खराब होने के बाद कोई देखने तक नहीं आया। यहां यातायात पुलिस कर्मी की व्यवस्था नहीं है। इससे रोजाना स्कूल बसें तक जाम में फंसी रहती हैं।

यह भी पढ़ें: दिल्ली में इस बीमारी ने पसार रखे हैं पैर, जानें- क्या कहती है स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें: बाजार में छाई मोदी-योगी पिचकारी, गायब हुए केजरीवाल के रंग, हर्बल कलर को लेकर बढ़ा क्रेज

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।