Move to Jagran APP

उत्तर भारत में बढ़ेगा ठंड का अहसास, नवंबर में ही हो सकती पहाड़ों पर बर्फबारी! जानिए मौसम विभाग क्या कह रहा

Weather Update उत्तर भारत में ठंड बढ़ने वाली है और नवंबर में ही पहाड़ों पर बर्फबारी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार इस साल अभी तक पश्चिमी विक्षोभों का अभाव रहा है जिससे अक्टूबर के पहले पखवाड़े में तेज धूप रही। अब तापमान में गिरावट शुरू हो गई है और अगले एक सप्ताह में अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री और न्यूनतम 16 से 17 डिग्री पर आ जाएगा।

By sanjeev Gupta Edited By: Geetarjun Updated: Tue, 15 Oct 2024 07:14 AM (IST)
Hero Image
दिल्ली समेत उत्तर भारत में तापमान गिरने से बढ़ेगी सर्दी।

संजीव गुप्ता, नई दिल्ली। अक्टूबर के पूर्वार्ध में भी गर्मी झेलने के बाद अब एनसीआर सहित उत्तर भारत के सभी हिस्सों में ठंड की दस्तक हो जाएगी। माह के उत्तरार्ध में सुबह एवं शाम के समय में ही नहीं, बल्कि दिन में भी मौसम में परिवर्तन देखने को मिलेगा।

मौसम विज्ञानियों के अनुसार, इस वर्ष अभी तक पश्चिमी विक्षोभों का अभाव चल रहा है। आकाश भी एकदम साफ बना हुआ है। इसीलिए अक्टूबर के पहले पखवाड़े में तेज धूप ने परेशान किया, जबकि अब धीरे-धीरे तापमान में गिरावट आनी शुरू हो गई है।

सामान्य से नीचे आया तापमान

दिल्ली का अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान जोकि सामान्य से ऊपर चल रहा था, अब इसके आसपास ही या नीचे आ गया है। अगले एक सप्ताह में अधिकतम तापमान 33 से 34 जबकि न्यूनतम 16 से 17 डिग्री पर आ जाएगा। माह के आखिर तक यह क्रमश: 31 से 32 डिग्री और 14 से 15 डिग्री तक पहुंच जाने की संभावना है।

पहाड़ों की ठंडी हवा पहुंच रही

मौसम विज्ञानियों के अनुसार, हवा की दिशा उत्तर पश्चिमी हो गई है। इसके साथ पहाड़ों की ठंडक भी पहुंच रही है। लिहाजा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र सहित उत्तर भारत के लगभग सभी राज्यों- पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश व राजस्थान में सुबह-शाम का मौसम बदल रहा है, तापमान भी गिरना शुरू हो गया है।

तीन-चार डिग्री गिरेगा पारा

बताया जाता है कि माह के अंत तक तीन से चार डिग्री तक तापमान गिर जाएंगे। नवंबर के मध्य तक ठीकठाक ठंड हो जाने से गर्म कपड़े भी नजर आने लगेंगे।

नवंबर में ही हो सकती है बर्फबारी

आसमान साफ रहने से पहले तापमान बढ़ रहा था, जबकि अब गिरने लगा है। पश्चिमी विक्षोभ आने पर मौसम और तेजी से बदलेगा। संभावना बन रही है कि पहाड़ों पर जो बर्फबारी पहले दिसंबर में होती थी, इस बार नवंबर में ही हो सकती है। -महेश पलावत, उपाध्यक्ष (मौसम विज्ञान एवं जलवायु परिवर्तन), स्काईमेट वेदर

ये भी पढ़ें- 1000 से अधिक छठ घाट बनाएगी दिल्ली सरकार, CM आतिशी ने अभी से तैयारियों का दिया निर्देश

सोमवार को अधिकतम तापमान और एक डिग्री गिरा

सोमवार को भी दिल्ली में दिन भर आसमान साफ रहा और धूप खिली रही। अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 34.4 डिग्री और न्यूनतम सामान्य से एक डिग्री कम 18.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम तापमान रविवार के मुकाबले एक डिग्री और नीचे आ गया, जबकि न्यूनतम तापमान रविवार के स्तर पर ही बना रहा।

सोमवार को हवा में नमी का स्तर 94 से 28 प्रतिशत रहा। मंगलवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने तथा अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 35 और 18 डिग्री रहने का पूर्वानुमान है।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें