Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Independence Day: देशभक्ति के जश्न में डूबी दिल्ली, हर घर लहरा रहा तिरंगा; दिल को छू जाएंगी ये तस्वीरें

Independence Day 2024 स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरी दिल्ली जश्न में डूबी हुई है। राजधानी में हर घर पर तिरंगा लहरा रहा है। वहीं मंदिर मस्जिद और गुरुद्वारों में खास सजावट की गई है। साथ ही सभी धार्मिक स्थलों में आयोजन भी होगा। उधर दिल्ली की सभी सरकारी इमारतें रोशनी में नहाई हुई हैं। राजधानी दिल्ली की ये तस्वीरें आपके दिल को छू जाएंगी।

By Nimish Hemant Edited By: Kapil Kumar Updated: Wed, 14 Aug 2024 09:34 PM (IST)
Hero Image
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दिल्ली देशभक्ति के जज्बे और खुशी में झूम रही है। जागरण फोटो

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दिल्ली देशभक्ति के जज्बे और खुशी में झूम रही है। वैसे भी राष्ट्रीय राजधानी में स्वाधीनता का जश्न दीपावली या ईद जैसे धार्मिक त्यौहारों से कमतर नहीं होता है। क्योंकि, आजादी के संघर्ष के साथ स्वतंत्रता की यात्रा का सारथी रहा है तो गुरुवार को पतंगबाजी, नृत्य, संगीत, खानपान, नए परिधान, झूले, मेल-मिलाप, आतिशबाजी, गली-गली गूंजते देशभक्ति के तराने और मस्ती कुछ ऐसी होगी जो इस राष्ट्रीय पर्व को धर्म, जाति व क्षेत्र जैसे मामलों से ऊपर उठाकर देशप्रेम से जोड़ता दिखाई पड़ेगा।

वहीं, मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारों में सजावट और आयोजन भी खास होगा। हर सड़क तिरंगें से पटी हुई है। सभी सरकारी इमारतें तिरंगा रोशनी से नहाई हुई हैं।

आज ऐसी कोई गली या घर नहीं होगा जो जश्न में नहीं डूबेगा। खासकर पुरानी दिल्ली में राष्ट्रीय पर्व का आनंद ही अलग है, जिसे देखने दूर-दूर से लोग पहुंचेंगे। विदेशी पर्यटकों की बड़ी संख्या आज पुरानी दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस का जश्न देखेगी।

इस मौके पर छतों से दोपहर में तिरंगाऔर पतंगमय आकाश को देखना और उसके बाद शाम को आतिशबाजी और कैंडल पतंग से जगमग आकाश अद्भूत होगा है। जामा मस्जिद निवासी मो. राहिम के अनुसार इसके लिए तैयारियां कर ली गई हैं। ढेर सारी पतंगें और आतिशबाजी आ गई है। इसके साथ ही विशेष खानपान बनाए जाएंगे।

देश के प्रमुख आयोजन का केंद्र लाल किला

दिल्ली के बाजारों में कई दिन पहले से ध्वजारोहण होने लगे थे। बुधवार को भी चांदनी चौक के क्लाथ मार्केट और कश्मीरी गेट के ऑटो पार्ट्स मार्केट और नई दिल्ली के करोल बाग में ध्वजारोहण किया गया। कश्मीरी गेट में ध्वजारोहण में दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष रामनिवास गोयल व चांदनी चौक के सांसद प्रवीन खंडेलवाल भी शामिल हुए।

बताया गया कि ऐसा इसलिए क्योंकि नजदीक लाल किले पर देश का प्रमुख आयोजन होने के चलते 15 अगस्त के एक दिन पहले ही सुरक्षा कारणों से बाजारों को बंद करा दिया जाता है। जबकि उस दिन पूरे देश की निगाहें लाल किले पर रहती हैं, जहां की प्राचीर पर ध्वजारोहण के साथ प्रधानमंत्री राष्ट्र को संबोधित करते हैं। इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस समारोह का थीम विकसित भारत @ 2075 रखा गया है।

पुरानी दिल्ली के लिए खास है यह पर्व

जामा मस्जिद, चांदनी चौक, दरियागंज, तुर्कमान गेट, चावड़ी बाजार, कश्मीरी गेट, सदर बाजार और लाल किले के आसपास के इलाकों में देशप्रेम हिलोर मार रही है। दुकानों और घरों पर तिरंगे लहरा रहे हैं। देशभक्ति के गीत हर ओर गूंज रहे हैं। गलियों में दुकानों से लेकर पटरियों पर राष्ट्रीय ध्वज, बिल्ले, टोपी, और अन्य देशभक्ति से जुड़ी वस्तुएं देर रात तक बिकी। यहां बृहस्पतिवार को दोपहर बाद अधिकतर घरों की छतों पर झंडारोहण का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे।

सजे बाजार और दुकानें

स्वतंत्रता दिवस के कुछ दिन पहले से ही गलियों के साथ दुकानों की विशेष सजावट कर दी गई है। मिठाइयों की दुकानों में विशेष रूप से तिरंगे की थीम पर मिठाइयां बनाई गई है। लड़कियां तिरंगे वाली चूड़ी, तिरंगा, समीज सलवार पहनकर निकलने की तैयारी में हैं तो लड़के भी तिरंगे वाले परिधानों में खास लगेंगे।

इस मौके पर खासकर बांटने के लिए बूंदी के लड्डुओं की तो बात ही अलग है। स्वतंत्रता दिवस की बात पतंगों के बिना अधूरी है। लाल कुआं पर पतंगों की दुकानों पर पतंगें खरीदने के लिए दिल्ली-एनसीआर से लोगों के पहुंचना देर शाम तक चलता रहा। सदर बाजार तो तिरंगा और देशभक्ति को प्रदर्शित करने वाले अन्य उत्पादों से पटा हुआ है, जहां दिल्ली समेत देशभर से लोग खरीदारी करने पहुंच रहे हैं।

इंडिया गेट व कनॉट प्लेस में खास होगी शाम

गुरुवार को इंडिया गेट व कनॉट प्लेस में तिरंगा फहराते और पतंग उड़ाते लोगों की मस्ती देखते ही बनेगी। लोग परिवार और दाेस्तो के साथ जश्न मनाने पहुंचेंगे।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर