Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Asian Games 2023: भारत ने एशियाई खेलों में रचा स्वर्णिम कीर्तिमान, PM मोदी हुए गदगद

भारत ने हांगझू एशियाई खेलों में स्वर्णिम इतिहास रच डाला। शनिवार को भारतीय खिलाड़ियों ने छह स्वर्ण सहित 12 पदक जीते। इसके साथ ही भारत ने कुल 28 स्वर्ण पदक अपने नाम किए जो रिकार्ड है। इतने सोने के तमगे भारत को कभी नहीं मिले थे। भारत ने हांगझू में कुल 107 पदक जीते जो उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। भारतीय खिलाड़ियों की स्पर्धाएं शनिवार को समाप्त हो गईं।

By Jagran NewsEdited By: Paras PandeyUpdated: Sun, 08 Oct 2023 06:05 AM (IST)
Hero Image
भारत ने हांगझू एशियाई खेलों में स्वर्णिम इतिहास रच डाला।

जागरण न्यूज नेटवर्क,नई दिल्ली। भारत ने हांगझू एशियाई खेलों में स्वर्णिम इतिहास रच डाला। शनिवार को भारतीय खिलाड़ियों ने छह स्वर्ण सहित 12 पदक जीते। इसके साथ ही भारत ने कुल 28 स्वर्ण पदक अपने नाम किए, जो रिकार्ड है। इतने सोने के तमगे भारत को कभी नहीं मिले थे। भारत ने हांगझू में कुल 107 पदक जीते जो उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। भारतीय खिलाड़ियों की स्पर्धाएं शनिवार को समाप्त हो गईं।

रविवार को प्रतियोगिता के अंतिम दिन निर्धारित कुछ स्पर्धाओं में देश का कोई भी एथलीट मैदान में नहीं है। शनिवार को पुरुष और महिला कबड्डी, तीरंदाजी, पुरुष क्रिकेट और बैडमिंटन के पुरुष डबल्स वर्ग में देश को स्वर्ण मिले,जबकि पहलवान दीपक पूनिया और पुरुष तथा महिला शतरंज टीमों ने रजत पदक अपने नाम किए।

वहीं, महिला हाकी टीम ने जापान को हराकर कांस्य पदक जीता। कंपाउंड तीरंदाज ज्योति सुरेखा वेन्नम और ओजस देवताले ने स्वर्ण पदकों की हैट्रिक लगाई, जबकि अदिति स्वामी को कांस्य पदक मिला। भारतीय तीरंदाजों ने नौ पदक अपनी झोली में डाले। भारत ने इंचियोन में 2014 में तीन पदक जीते थे। 

मौजूदा विश्व चैंपियन अदिति स्वामी ने कांस्य पदक के एकतरफा प्लेआफ मुकाबले में इंडोनेशिया की रातिह जिलिजाती एफ को 146-140 से हराया। ज्योति ने महिला कंपाउंड व्यक्तिगत वर्ग में दक्षिण कोरिया की सो चाएवोन को 149-145 से हराकर तीसरा स्वर्ण जीता। वह मिक्स्ड डबल्स व महिला टीम वर्ग का स्वर्ण जीत चुकी हैं। पुरुष वर्ग में देवताले ने अभिषेक वर्मा को 149-147 से हराया।

पीएम मोदी ने की जमकर तारीफ 

पीएम मोदी ने कहा, अद्भुत प्रदर्शन ने इतिहास रचा और हमारा हृदय गर्व से भर दिया। मैं 10 अक्टूबर को हमारे एशियाई खेलों के दल का स्वागत करूंगा और खिलाड़ियों से बात करूंगा। भारत के लोग रोमांचित हैं कि हमने 100 पदकों की उपलब्धि हासिल की।

यह एशियाई खेलों में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। मैं अपने शानदार खिलाड़ियों को बधाई देता हूं, जिनके प्रयासों से भारत ने यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। हमारी कबड्डी पुरुष टीम अजेय है! उनके दृढ़ संकल्प और त्रुटिहीन टीम वर्क ने भारत को गौरव दिलाया है। भारत को इस सफलता पर गर्व है। 

खेल यात्रा की नई शुरुआत: गृह मंत्री अमित शाह

गृह मंत्री बधाई देते हुए कहा कि एशियाई खेलों में पहली बार पदक तालिका 100 के पार पहुंची है। यह सफलता की नई ऊंचाइयां हासिल करने के लिए खेल यात्रा की नई शुरुआत है। यह उपलब्धि खिलाड़ियों के लिए आशा की नई किरण बनकर आई है, जो उत्कृष्टता की राह पर अग्रसर हैं।

वहीं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी बताया कि यह भारत ने पहली बार ऐसा किया है। हर भारतीय को अपने खिलाड़ियों पर गर्व है। उन्होंने आगे कहा कि हमने एशियन गेम्स में सिर्फ कहा ही नहीं, करके दिखाया।

प्रत्येक खिलाड़ी को मेरी हार्दिक बधाई। 1.4 अरब भारतीय अपने खिलाड़ियों को शुभकामना और बधाई भेज रहे हैं। एशियाई खेलों में पहली बार हमने ऐसा प्रदर्शन किया है। 

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर