Move to Jagran APP

यमुना को प्रदूषण मुक्त करने के लिए केजरीवाल सरकार का बड़ा फैसला, ओखला में बनेगा STP

यमुना एक्शन प्लान-तीन के तहत इस एसटीपी का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना को केजरीवाल की अध्यक्षता में हुई दिल्ली जल बोर्ड की 146वीं बैठक में मंजूरी दी गई।

By Edited By: Updated: Thu, 30 May 2019 02:29 PM (IST)
Hero Image
यमुना को प्रदूषण मुक्त करने के लिए केजरीवाल सरकार का बड़ा फैसला, ओखला में बनेगा STP

नई दिल्ली, जेएनएन। यमुना को प्रदूषणमुक्त करने की दिशा में दिल्ली सरकार और दिल्ली जल बोर्ड ने बड़ी परियोजना को मंजूरी दी है। यमुना की गंदगी खत्म करने और गंदे पानी को साफ पानी में बदलने के लिए देश का सबसे बड़ा सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) ओखला में बनाया जाएगा। 562 मिलियन लीटर डेली (एमएलडी) क्षमता के इस एसटीपी का निर्माण करने में 1161 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

यमुना एक्शन प्लान-तीन के तहत इस एसटीपी का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना को बुधवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री और दिल्ली जल बोर्ड के चेयरमैन अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में हुई दिल्ली जल बोर्ड की 146वीं बैठक में मंजूरी दी गई। 56 करोड़ 40 लाख लीटर प्रतिदिन सीवरेज ट्रीटमेंट की क्षमता वाला यह एसटीपी देश का सबसे बड़ा एसटीपी होने के साथ दुनिया के सबसे बड़े प्लांट में से एक होगा।

नया एसटीपी यमुना का प्रतिदिन 41 हजार 200 किलोग्राम ऑर्गेनिक पॉल्यूटेंट लोड (जैविक प्रदूषक भार) और प्रतिदिन 61 हजार 600 किलोग्राम सॉलिड लोड (ठोस भार) हटाएगा। यह प्लांट यमुना से गंदगी को हटाने के साथ पानी में बॉयोलॉजिकल ऑक्सीजन डिमांड (बीओडी) की मात्रा को बेहतर करने के साथ टोटल सस्पेंडेड सॉलिड्स (टीएसएस) के स्तर में भी सुधार करेगा। इसके साथ नाइट्रोजन और फास्फोरस को हटाने और कीटाणुशोधन से यमुना के पानी की गुणवत्ता में सुधार करेगा।

यह प्लांट पूरी तरह से स्वचालित होगा। इस प्लांट से न सिर्फ सीवेज को ट्रीट किया जाएगा, बल्कि इससे कीचड़ का भी निस्तारण किया जाएगा। परियोजना का यमुना नदी के पानी की गुणवत्ता पर भारी प्रभाव पड़ेगा। 40 लाख लोगों को मिलेगा लाभ नए एसटीपी से चांदनी चौक, कश्मीरी गेट, दरियागंज, एमडीएमसी क्षेत्र, लोधी कॉलोनी, निजामुद्दीन, ओखला, बदरपुर, कालकाजी, मालवीय नगर, कटवरिया सराय, लाजपत नगर, ग्रेटर कैलाश व दक्षिणी दिल्ली के मुनिरका से बदरपुर जैसे इलाकों को फायदा होगा। इन इलाकों में रहने वाले लोगों की संख्या करीब 40 लाख है।

चंद्रावल में नया वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बोर्ड की बैठक में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए चंद्रावल में एक नया वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (डब्ल्यूटीपी) बनाने को मंजूरी दी गई है। इसकी क्षमता 477 एमएलडी (106 एमजीडी) (48 करोड़ लीटर प्रतिदिन) होगी। इसकी लागत 598 करोड़ रुपये है। इस प्लांट का निर्माण तीन वर्ष में पूरा कर लिया जाएगा। इस डब्ल्यूटीपी से हरियाणा से अमोनिया डिस्चार्ज के चलते डब्ल्यूटीपी बंद होने की समस्या का समाधान हो जाएगा।

दिल्ली- NCR की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।