Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

G20 Delhi: विदेशी मेहमानों को खूब भा रहे भारतीय पकवान, नानखटाई और गुलकंद के लड्डू के हुए दीवाने

G20 Delhi विदेशी मेहमानों को भारतीय खानपीन खूब भा रहा है। रागी इडली बाजरा पैनकेक्स नरगिसी कोफ्ता मिक्स मेस्कलुन मुर्ग और मीठे में नानखटाई और गुलकंद का लड्डू होटल ताज मान सिंह में ठहरे विदेशी मेहमानों को भा रहा है। मेहमानों के कमरे में जी-20 के कार्ड और इंडिया गेट के प्राप के साथ विभिन्न मिठाइयां एक ट्रे में रखी गई है।

By Jagran NewsEdited By: Narender SanwariyaUpdated: Sun, 10 Sep 2023 07:46 AM (IST)
Hero Image
G20 Delhi: विदेशी मेहमानों को खूब भा रहा भारतीय खानपीन, नानखटाई और गुलकंद के लड्डू के हुए दीवाने

रीतिका मिश्रा, नई दिल्ली। रागी इडली, बाजरा पैनकेक्स, नरगिसी कोफ्ता, मिक्स मेस्कलुन मुर्ग और मीठे में नानखटाई और गुलकंद का लड्डू होटल ताज मान सिंह में ठहरे विदेशी मेहमानों को भा रहा है। मेहमानों के कमरे में जी-20 के कार्ड और इंडिया गेट के प्राप के साथ विभिन्न मिठाइयां एक ट्रे में रखी गई है। इसमें पिस्ता के छोटे केक, चाकलेट बान बान, गुलकंद लड्डू समेत अन्य मिठाइयां शामिल हैं।

भारतीय खानपीन के दीवाने हो रहे विदेशी मेहमान

इसके साथ ही कमरे में तीन कांच के जार भी रखे गए हैं इसमें नानखटाई, ग्रैनोला बार, डिहाइड्रेटेड स्ट्राबेरी रखी गई है। विदेशी मेहमान इन मिठाइयों का स्वाद बार-बार चख रहे हैं।

ताज मान सिंह के अधिकारियों ने बताया कि मेहमानों के लिए दोपहर और रात्रि भोजन में लैंब और बाजरे का सूप, पाल्म हार्ट, चेरी टमाटर, बाजरे की खिचड़ी, मिक्स मेस्कलुन, मुर्ग, बादाम और ऐमारैंथ (राजगीरा) कोरमा, नरगिसी कोफ्ता, मकई और शाही मिर्च का शोरबा, पनीर हरा प्याज, प्याज और जीरा पुलाव, जंगली चावल और बाजरे का मूस, किनुआ और बाजरे की खीर, सेब की खीर समेत अन्य मिठाइयां परोसी जा रही हैं।

वसुधैव कुटुंबकम के कार्ड के साथ पेड़ के आकार में परोसी जा रही चाकलेट 

अधिकारियों ने बताया कि पाक व्यंजनों में बाजरा का विशेष उपयोग किया गया है। वहीं, शांगरी- ला होटल में ठहरे विदेशी मेहमानों को भारतीय मिठाइयां (गुलाब जामुन, जलेबी और बाजरे की कुकीज) भा रही हैं। मेहमानों को वसुधैव कुटुंबकम के कार्ड के साथ पेड़ के आकार में चाकलेट परोसी जा रही है।

ली-मेरिडियल के मुख्य शेफ दविंदर ने बताया कि यहां ठहरे विदेशी मेहमानों ने अपने सुबह के नाश्ते में दक्षिण भारत से लेकर उत्तर भारत के व्यंजनों की मांग की। मेहमानों ने नाश्ते में ब्रोकली पराठा, दही व अचार, मसाला डोसा, वड़ा, इडली, पोहा, उपमा को तरजीह दी।

सभी ने नाश्ते में परोसे गए व्यंजनों का स्वाद चखा और इसे स्वादिष्ट बताया। दोपहर के खाने में भी मेहमानों ने श्रीअन्न से बने व्यंजनों समेत अन्य भारतीय व्यंजनों को अपनी थाली में जगह दी।

लस्सी और छाछ को भी खूब कर रहे पसंद

यहां ठहरे मेहमानों ने खाने में दाल मखनी, मटन और चिकन बिरयानी, ज्वार और बाजरे से बना कबाब, रागी का डोसा और पूड़ी, ज्वार- बाजरा और मेवे से बनी खीर खाई। स्ट्रीट फूड में मेहमानों ने छेना चाट, पालक पत्ता चाट खाई। वहीं, मेहमान पीने के लिए हल्दी का दूध, लस्सी और छाछ को पसंद कर रहे हैं।

विदेशी मेहमानों को भारतीयों की आवभगत ने भावविभोर कर दिया है। यहां ठहरे मेहमानों का कहना है कि उन्हें भारत की समृद्ध संस्कृति और पाक कला के बारे में बहुत सुना है। जी-20 में उन्हें यह महसूस करने को भी मिल गई।

बूंदी के लड्डू, केक और पेस्ट्री की जा रही पसंद

उन्होंने कहा कि वो अपने देश के खाने के व्यंजनों के बजाय भारतीय व्यंजनों को इसलिए तरजीह दे रहे हैं चूंकि वो खाने में काफी स्वादिष्ट हैं। सभी व्यंजनों में अलग-अलग मसालों का स्वाद उन्हें अच्छा लग रहा है। वहीं, होटल अंदाज हयात के अधिकारियों ने बताया कि जी-20 में आए विदेशी मेहमानों को तोहफे में बूंदी के लड्डू, केक और पेस्ट्री दी जा रही है। जो उन्हें बहुत पसंद आयी हैं।

नागपुर के रेत कलाकार सतीश चतुर्वेदी ने होटल ताज मान सिंह में रेत से जी-20 कार्यक्रम के लिए हुमायूं का मकबरा और कुतुबमीनार को रेत से उकेरा है। जिसे मेहमानों ने काफी सराहा है। 

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर