Delhi MCD Election 2022: दिल्ली नगर निगम चुनाव में दांव आजमाएगा जनता दल युनाइटेड
बिहार विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार की वापसी के साथ कोरोना काल में बिहार से बाहर रह रहे बिहारवासियों को फौरी राहत उपलब्ध कराने व बिहार में उनकी देखभाल से दिल्ली के जदयू कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल्ली नगर निगम चुनाव 2022 में अभी तकरीबन डेढ़ महीने का वक्त बचा हुआ है, लेकिन इसको लेकर अभी से आम आदमी पार्टी, कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी सक्रिय हो गए हैं। इस बीच बिहार में सत्तासीन जनता दल (युनाइटेड) भी अगले साल होने वाले दिल्ली नगर निगम चुनाव में अपने उम्मीदवार उतारेगा। जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) को यह भरपूर संभावनाओं वाला राज्य लग रहा है। जनता दल यू के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह ने चुनाव लड़ने के फैसले को हरी झंडी देते हुए कहा कि जदयू ने पिछले वर्ष दिल्ली विधानसभा चुनाव में दो प्रत्याशी उतारे थे, दोनों ने अच्छा प्रदर्शन किया था। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में पार्टी का अच्छा जनाधार तैयार हो गया है।
बिहार विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार की वापसी के साथ कोरोना काल में बिहार से बाहर रह रहे बिहारवासियों को फौरी राहत उपलब्ध कराने व बिहार में उनकी देखभाल से दिल्ली के जदयू कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। ऐसे में पार्टी यहां जनाधार विस्तार के साथ निगम चुनाव में भी दांव आजमाएगी। वह जंतर मंतर स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय में कोरोना काल में जरूरतमंदों की मदद में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं के सम्मान कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
लॉकडाउन में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा मुख्यमंत्री राहत कोष से दी गई सहायता से दिल्ली में 14 स्थानों पर कुल छह लाख से ज्यादा बिहारवासियों को एक माह से अधिक समय तक भोजन उपलब्ध कराया गया था। समारोह में जदयू के राष्ट्रीय महासचिव व दिल्ली के प्रभारी संजय कुमार झा भी मौजूद थे, जबकि अध्यक्षता जदयू के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष दयानंद राय ने की।
बता दें कि दिल्ली के तीनों नगर निगमों में पिछले कई बार से भारतीय जनता पार्टी सत्ता में है। इसी के साथ आगामी 28 फरवरी को दिल्ली नगर निगम की 5 सीटों के लिए उपचुुनाव भी होने जा रहा है।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो