Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

जानिए घर पर आम की बर्फी और केक बनाने का तरीका, खाएंगे तो अन्य मिठाइयों का स्वाद भूल जाएंगे

Mango Burfi Recipe बाजार में इन दिनों लंगड़ा दशहरी चौसा कई तरह के आम खूब मिल रहे हैं। आप अपना पसंदीदा आम घर लेकर आएं और हम आपको बताते हैं कि कैसे आप बर्फी और केक तैयार कर आम के नए स्वाद का आनंद ले सकते हैं।

By Mangal YadavEdited By: Updated: Sat, 17 Jul 2021 04:32 PM (IST)
Hero Image
रसीले आम की बर्फी खाएंगे तो बाकी मिठाइयों का स्वाद भूल जाएंगे

नई दिल्ली [रितु राणा]। आम के इस सीजन में आम स्लाइस, आम रस और मैंगो शेक का स्वाद तो बहुत ले लिया क्यों न अब आम का स्वाद नए अंदाज में लिया जाए। वह भी मिठाई और केक के रूप में। वैसे तो आम का हर स्वाद लाजवाब है। तभी तो इसे फलों का राजा कहते हैं। गर्मी शुरू होते ही बच्चे-बड़े सभी आम का इंतजार करने लगते हैं। बाजार में इन दिनों लंगड़ा, दशहरी, चौसा कई तरह के आम खूब मिल रहे हैं। मैंगो फेस्टिवल भी शुरू होने वाला है, तो आप बस अपना पसंदीदा आम घर लेकर आएं और हम आपको बताते हैं कि कैसे आप बर्फी और केक तैयार कर आम के नए स्वाद का आनंद ले सकते हैं।

रसीला आम बर्फी

सिगनम होटल एंड रिजोर्ट में फूड एंड बेवरेज विभाग के कारपोरेट डायरेक्टर सेलेब्रिटी फूड आर्टिस्ट इंदर देव कहते हैं कि आम और बेसन के मिक्सचर से बर्फी बनाने में थोड़ा समय जरूर लगता है, पर इतनी लजीज बर्फी बनती है कि उसे खाने के बाद पेट भले ही भर जाए, मन नहीं भरेगा। सबसे बड़ी बात यह है कि इसे आप एक हफ्ते तक फ्रिज में स्टोर कर रख भी सकते हैं।

रसीला आम बर्फी बनाने की विधि

पके हुए आम के पल्प (गूदे) को निकालकर छान लें और एक मिनट तक उसे उबालें। अब एक पैन में थोड़ा घी डालकर बेसन को धीमी आंच पर भूनें। उसमें थोड़ा जायफल भी मिला लें और तब तक भूनें जब तक सोंधी खुशबू न आने लगे। अब इसमें चीनी, दूध पाउडर, खोया और आम का गूदा डालें। इन सब को अच्छी तरह मिला लें। फिर एक ट्रे में इसे सेट करके बर्फी के पेस्ट को समतल करें और चाकू से चौकोर या मनचाहे आकार में काट लें। फ्रीज में कुछ देर रख दें और ठंडा होने के बाद उसे बादाम से गार्निश करें। बस तैयार हो गया स्वादिष्ट आम बर्फी।

चाकलेट और वनिला नहीं, अब मैंगो मूज केक की है बारी

मयूर विहार निवासी 36 लेब्जेल्टर के मालिक बेकर दीपक पुरोहित कहते हैं कि आपने चाकलेट, वनिला, स्ट्राबेरी, रेड वेलवेट आदि केक का स्वाद लिया होगा, लेकिन एक बार मैंगो मूज केक खा कर देखें। उसका स्वाद जुबान से कभी नहीं उतरेगा।

मैंगो केक बनाने की विधि

एक बर्तन में आम का गूदा, दालचीनी पाउडर और नींबू का रस डालकर मिलाएं। फिर उसमें स्वाद अनुसार चीनी डालें। एक छोटे बर्तन में आधा कप पानी लें और इसमें जिलेटिन डिप करके डाल दें। अब एक पैन में इस मिश्रण को डालकर अच्छी तरह पकाएं। जब उबाल आने लगे तो उसमें क्रीम मिला दें। तैयार मिश्रण में वनिला स्पंज मिला दें। अब इस मैंगो मूज को चार घंटे तक ठंडा होने के लिए छोड़ दें। मूज जब अच्छे से जम जाए तो उसे केक बेस पर रखकर, आम की लेयर और क्रीम से सजा दें केक का आनंद लें। 

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर