Move to Jagran APP

Lockdown2: मोदी रसोई में पक रही सब्जियां, रोटियां आ रहीं गुरुग्राम की फैक्ट्री से

एक रसोई ब्रह्मपुरी में चल रही है जिसे मोदी रसोई नाम दिया गया है। मोदी रसोई में विभिन्न सब्जियों से लेकर छोले राजमा दाल व चावल आदि बन रहे हैं।

By Mangal YadavEdited By: Updated: Wed, 29 Apr 2020 02:33 PM (IST)
Hero Image
Lockdown2: मोदी रसोई में पक रही सब्जियां, रोटियां आ रहीं गुरुग्राम की फैक्ट्री से

नई दिल्ली [सुधीर कुमार]। लॉकडाउन में समाजसेवियों से लेकर राजनेताओं ने जगह-जगह रसोई शुरू की है। ऐसी ही एक रसोई ब्रह्मपुरी में चल रही है जिसे मोदी रसोई नाम दिया गया है। मोदी रसोई में विभिन्न सब्जियों से लेकर छोले, राजमा, दाल व चावल आदि बन रहे हैं। लेकिन इस रसोई से वितरित की जाने वाले वाली रोटियां गुड़गांव की रोटी फैक्ट्री से पहुंच रही हैं।

इस मोदी रसोई का संचालन हेल्पिंग हैंड सोशल वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा किया जा रहा है। जिसके संस्थापक चेयरमैन पूर्वी दिल्ली नगर निगम के पर्यावरण प्रबंधन समिति के चेयरमैन व गौतमपुरी वार्ड के पार्षद केके अग्रवाल हैं।

ट्रस्ट के अध्यक्ष सतीश कुमार गर्ग कहते हैं कि लॉकडाउन शुरू होते ही 25 मार्च से ही यह ट्रस्ट सक्रिय हो गया और राशन का वितरण किया जाने लगा। अब तक 2850 परिवारों को राशन किट वितरित किए चुके हैं। यह वितरण सीलमपुर विधानसभा क्षेत्र के गौतमपुरी, सीलमपुर, मौजपुर, चौहान बांगर वाडरें में तो किया ही गया है, इसके अलावा तिमारपुर, गोकलपुरी, सोनिया विहार में भी किया गया है। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के आनुषांगिक संगठन सेवा भारती को भी रोजाना 25 किट दिया जाता है, जो अलग-अलग इलाकों में जाता है।

केके अग्रवाल बताते हैं कि ट्रस्ट के सदस्य, भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारियों के माध्यम से जहां-जहां से जानकारी मिलती है वहां राशन किट पहुंचाया जा रहा है। ट्रस्ट की उपाध्यक्ष कंचन चौधरी कहती हैं कि ट्रस्ट के सभी पदाधिकारी, सदस्य व भाजपा कार्यकर्ता मिलकर किट तैयार कर रहे हैं। सभी आठ से 10 घंटे तक निशुल्क सेवा देते हैं।

ट्रस्ट के महामंत्री सुभाष अग्रवाल कहते हैं कि इस सेवा के साथ ही ट्रस्ट द्वारा 27 मार्च को मोदी रसोई की शुरूआत की गई। जहां सुबह-शाम पांच हजार फूड पैकेट तैयार किए गए हैं। मोदी रसोई में रोटी के अलावा रोजाना अलग-अलग तरह की सब्जियां, दाल, चावल छोले, राजमा, आदि तैयार किए जाते हैं। गुरुग्राम की रोटी फैक्ट्री से रोजाना 12,500 रोटियां मंगवाई जाती हैं। दोपहर के भोजन में चावल दिया जाता है वहीं शाम के समय रोटी-सब्जी दी जाती है। शारीरिक दूरी का पूरी तरह से पालन हो, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है। इसी वजह से पके हुए भोजन के वितरण के लिए गौतमपुरी व सीलमपुर वार्ड में 36 स्थान चिन्हित किए गए हैं।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।