Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Lok Sabha Elections 2024: भूपेंद्र यादव को हरियाणा चुनाव समिति में मिली जगह, कृष्णपाल गुर्जर हुए बाहर; समझें नया समीकरण

भारतीय जनता पार्टी के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने लोकसभा चुनाव के मद्देनजर प्रदेश चुनाव समिति की घोषणा कर दी है। इसमें नायब सैनी मुख्यमंत्री मनाेहर लाल सहित केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव को भी शामिल किया गया है। वहीं इस समिति से कृष्णपाल गुर्जर को बाहर कर दिया है। यह पहला मौका है जब भूपेंद्र यादव को हरियाणा के किसी संगठन में इतना अहम पद दिया गया है।

By Jagran News Edited By: Pooja Tripathi Updated: Tue, 20 Feb 2024 04:14 PM (IST)
Hero Image
फ़रीदाबाद ईएसआई मेडिकल कॉलेज में केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर के साथ उपस्थित मरीजों से फीडबैक लेते केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव।

बिजेंद्र बंसल, नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने लोकसभा चुनाव के मद्देनजर प्रदेश चुनाव समिति की घोषणा कर दी है। इसमें नायब सैनी, मुख्यमंत्री मनाेहर लाल सहित केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव को भी शामिल किया गया है।

इससे भूपेंद्र यादव की हरियाणा के भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की संभावनाएं प्रबल हो गई हैं। यह पहला मौका है जब भूपेंद्र यादव को हरियाणा के किसी संगठन में इतना अहम पद दिया गया है।

राव इंद्रजीत समेत 18 नेता शामिल

इस समिति में केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह सहित 18 नेता शामिल किए गए हैं लेकिन कार्यकारिणी में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सहित मौजूदा केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर को शामिल नहीं किया गया है।

राव इंद्रजीत सिंह अपनी बेटी के साथ

समिति में पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़, पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह, गृह मंत्री अनिल विज, शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर, पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, रामबिलास शर्मा, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला, प्रदेश संगठन महामंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री मोहन लाल बड़ौली सहित महिला मोर्चो की अध्यक्ष ऊषा प्रियदर्शी को शामिल किया गया है।

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब और राष्ट्रीय सचिव सहित प्रदेश सह प्रभारी सुरेंद्र नागर को विशेष आमंत्रित रूप में रखा गया है।

पहले से लग रहीं थी भूपेंद्र के चुनाव लड़ने की अटकलें

केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव भारतीय जनता पार्टी में यूं तो राजस्थान प्रदेश को पैतृक मानते हुए राजनीति करते आए हैं लेकिन उनका पैतृक गांव गुरुग्राम जिला में जमालपुर है।

यादव ने कड़ी मेहनत से भाजपा में अपना अलग स्थान बनाया है। इस बार राज्यसभा की खाली हुई किसी भी सीट में से भूपेंद्र यादव ने नामांकन नहीं भरा तो यह माने जाने लगा था कि वह लोकसभा चुनाव लड़ेंगे।

बताया जा रहा है पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें राजस्थान के अलवर और हरियाणा के भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र में से किसी एक से चुनाव लड़ने का विकल्प दिया था।

भूपेंद्र यादव के लिए सीट छोड़ सकते हैं धर्मबीर सिंह

अब यह माना जा रहा है भूपेंद्र यादव भिवानी-महेंद्रगढ़ से चुनाव लड़ेंगे। फिलहाल इस सीट से भाजपा के धर्मबीर सिंह सांसद हैं लेकिन धर्मबीर सिंह और उनके समर्थकों को यादव जैसे बड़े नेता के लिए यह सीट छोड़ने में कतई कोई गुरेज नहीं है क्योंकि धर्मबीर सिंह को लोकसभा के छह माह बाद होने वाले विधानसभा चुनाव में लड़ने का मौका मिल जाएगा।

धर्मबीर सिंह भिवानी के तोशाम और गुरुग्राम के सोहना विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुके हैं। 1987 में धर्मबीर सिंह ने तत्कालीन लोकदल के टिकट पर तत्कालीन मुख्यमंत्री बंसीलाल को हराकर सुर्खियां बटोरी थीं। देवीलाल ने तब उन्हें अपनी कैबिनेट में पंचायत एवं विकास मंत्री बनाया था।

पीएम की रैली में नहीं पहुंचे थे भूपेंद्र यादव

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 16 फरवरी को अहीरवाल के रेवाड़ी में देश के 22वें एम्स शिलान्यास मौके पर विकसित भारत, विकसित हरियाणा रैली हुई थी। इस रैली का आयोजन केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने किया था।

तब इस रैली में भूपेंद्र यादव नहीं पहुंचे थे तो यह माना जाने लगा था कि भूपेंद्र यादव अलवर से ही चुनाव लड़ेंगे।

इसका कारण यह भी था कि भूपेंद्र यादव ने इन अटकलों के बीच नारनौल, गुरुग्राम, सोनीपत में हुए अपने कार्यक्रमों में एक बार भी अपने चुनाव लड़ने संबंधी कोई संकेत नहीं दिया था।