दिल्ली के नेहरू प्लेस में कार के अंदर मिली युवक की लाश, नाक से बह रहा था खून
राजधानी दिल्ली के नेहरू प्लेस में युवक का शव उसकी कार के अंदर झुलसी हुई अवस्था में मिला। उसकी नाक से खून बह रहा था। पुलिस ने युवक द्वारा आत्महत्या करने की आशंका जाहिर की है। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक ने बुधवार रात को अंतिम बार अपनी पत्नी से बात की थी। उसका सात साल का एक बेटा है।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। नेहरू प्लेस स्थित देविका टॉवर के पास बृहस्पतिवार तड़के निजी कंपनी के एक अधिकारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव उसकी कार के अंदर झुलसी हुई अवस्था में मिला। उसकी नाक से खून बह रहा था। पुलिस ने युवक द्वारा आत्महत्या करने की आशंका जाहिर की है। हालांकि पुलिस को कार के अंदर से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
पुलिस उपायुक्त राजेश देव ने बताया कि सुबह करीब 9:40 बजे कालकाजी थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि नेहरू प्लेस में कार के अंदर एक युवक का शव पड़ा है। कार देविका टॉवर के पास खड़ी है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
कार अंदर से लाक थी। फिर पुलिस ने पीछे का शीशा तोड़कर कार को खोला तो चालक की सीट पर युवक का शव पड़ा था। पुलिस ने तुरंत मौके पर एंबुलेंस को बुलाया। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि मृतक की पहचान लाजपत नगर की दयानंद कालोनी निवासी 34 वर्षीय ध्रुव महाजन के रूप में हुई है।
पहले खुद को आग लगाई, फिर नाक से हुआ रक्तस्राव
पुलिस ने मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें सामने आया कि ध्रुव तड़के 3:30 बजे अपनी कार से घटनास्थल पर आया था। यहां पर करीब सात मिनट बाद कार के अंदर तेज आग लगी। यह करीब एक मिनट के बाद बुझ गई।
पुलिस उपायुक्त का कहना है कि प्रथम दृष्टया लग रहा है कि युवक ने खुद को आग लगाने की कोशिश की, लेकिन कार पूरी तरह से नहीं जल पाई। इसके बाद मृतक को हाइपोक्सिया तनाव के कारण नाक से खून बहने लगा। फिर कार के अंदर से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, इसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता लगाया जा सकेगा।
भारी कर्ज में डूबा था मृतक, पत्नी से थी आखिरी बार बात
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक ने बुधवार रात को अंतिम बार अपनी पत्नी से बात की थी। उसका सात साल का एक बेटा है। बंगलुरू में रहने वाली ध्रुव की बहन पूर्वी महाजन ने पुलिस को बताया कि उसका भाई भारी कर्ज में डूबा था। इस वजह से तनाव में रहता था।
मृतक का चेहरा, हाथ और जांघ झुलसी
ध्रुव गुरुग्राम में एक निजी कंपनी में उच्च पद पर कार्यरत था। पुलिस उपायुक्त का कहना है कि जब ध्रुव का शव कार से निकाला गया तो उसका चेहरा, जांघ और दोनों हाथों आग से झुलसे हुए थे। उसकी नाक से बहुत ज्यादा खून बह रहा था। कार के अंदर और बाहर भी खून पड़ा था। सीट पर एक पानी की बोतल व माचिस भी मिली। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
जब मार्केट में आने वाले लोगों ने शव देखा तो उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस जब मौके पर पहुंची तो कार अंदर से लॉक थी। मृतक युवक लाजपत नगर स्थित दयानंद कॉलोनी का रहने वाला था। वह गुरुग्राम की एक कंपनी में कार्यरत था। मृतक का 7 साल का एक बेटा है।