हैदराबाद के बाद दिल्ली में भी आया दिल दहला देने वाला मामला, दुष्कर्म के बाद महिला की हत्या
दिल्ली में एक महिला के साथ दुष्कर्म और हत्या का मामला सामने आया है। थूकने से नाराज पड़ोसी युवक ने महिला के साथ दुष्कर्म किया।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। हैदराबाद में महिला डॉक्टर की सामूहिक दुष्कर्म का मामला अभी ठंडा नहीं पड़ा था कि दिल्ली में भी एक महिला के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या का मामला सामने आया है। दिल्ली के गुलाबी बाग थाना क्षेत्र में थूकने से नाराज पड़ोसी युवक ने महिला के साथ दुष्कर्म किया। महिला ने विरोध किया तो गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
वारदात के बाद आरोपित फरार हो गया। महिला पूजा सामग्री और चाय की दुकान चलाती थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से 22 वर्षीय आरोपित धर्मराज को गिरफ्तार कर लिया है। नशे में उसने वारदात को अंजाम दिया। डीसीपी मोनिका भारद्वाज ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
अविवाहित थी महिला
पुलिस के मुताबिक, अविवाहित महिला की उम्र 55 वर्ष थी। वह गुलाबी बाग स्थित किशनगंज इलाके में पैतृक मकान में रहती थीं। घर में ही दुकान चलाकर वह जीवनयापन कर रही थीं। उनके माता-पिता की मौत हो चुकी है। शनिवार सुबह करीब आठ बजे दुकान पर आए शख्स ने महिला को मृत देखकर इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को खंगाला, जिसमें देर रात करीब 12.30 बजे आरोपित महिला के घर में जाता और फिर 20 मिनट बाद निकलता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने पड़ोसियों को युवक की तस्वीर दिखाई तो उसकी पहचान धर्मराज के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने उसे धर दबोचा।
विवाद में युवक के ऊपर महिला ने थूक दिया था
धर्मराज प्रताप नगर मेट्रो स्टेशन के नीचे खाने की रेहड़ी लगाता है। आरोपित ने बताया कि महिला ने उससे कुछ रुपये उधार लिए थे। इसी बात को लेकर शुक्रवार की रात उसकी महिला से कहासुनी हो गई। इसके बाद महिला ने उसके ऊपर थूक दिया था। इस पर बदला लेने की नीयत से उसने दुष्कर्म के बाद महिला की हत्या कर दी। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है।
ये भी पढ़ेंः AAP की लोकलुभावनी योजनाओं को मात देने की तैयारी में कांग्रेस, खेला बड़ा चुनावी दांंव
क्या निर्भया मामले में आरोपित राम सिंह की जेल में हुई थी हत्या? तिहाड़ के पूर्व अधिकारी ने उठाए सवाल
ये भी पढ़ेंः हैदराबाद के बाद दिल्ली में भी आया दिल दहला देने वाला मामला, दुष्कर्म के बाद महिला की हत्या
दिल्ली-एनसीआर की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक