Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Delhi MCD Election: दिल्ली में कब होगा मेयर का चुनाव? सामने आया ताजा अपडेट

दिल्ली में अप्रैल 2024 से लंबित महापौर और उप महापौर का चुनाव इस महीने हो सकता है। इसके लिए जल्द ही तारीख तय की जाएगी। महापौर बनाने में आ रही कानूनी अड़चनें दूर हो गई हैं। इस बार महापौर और उप महापौर का चुनाव तीसरे वर्ष के लिए हो रहा है इसलिए यह वर्ष अनुसूचित जाति के पार्षद के लिए आरक्षित है।

By Nihal Singh Edited By: Abhishek Tiwari Updated: Tue, 08 Oct 2024 08:36 AM (IST)
Hero Image
Delhi MCD Election: दिल्ली में महापौर का चुनाव जल्द होगा।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। अप्रैल 2024 से लंबित चल रहे दिल्ली में महापौर व उप महापौर का चुनाव इस माह हो सकता है। इसके लिए जल्द ही तारीख तय हो सकती है, क्योंकि महापौर बनाने में आड़े आ रही कानूनी अड़चने खत्म हो गई है।

महापौर का चुनाव इसलिए नहीं हो पा रहा था कि क्योंकि तत्कालीन सीएम अरविंद केजरीवाल जेल में थे। ऐसे में महापौर चुनाव के लिए उपराज्यपाल ने पीठासीन अधिकारी की नियुक्ति करने से इसलिए इन्कार कर दिया था क्योंकि संबंधित फाइल पर सीएम की अनुशंसा नहीं थी।

इसलिए एलजी ने अगले आदेश तक जनहित में महापौर डॉ. शैली ओबेराय को ही काम करने की अनुमति दे दी थी। चूंकि पिछले माह 21 सितंबर को सीएम के तौर पर आतिशी ने शपथ ले ली है इसलिए अब इस माह होने वाली सदन की साधारण सभा में महापौर व उप महापौर का चुनाव हो सकता है।

क्यों नहीं हो पाया था चुनाव?

बीते माह महापौर का चुनाव इसलिए नहीं हो पाया था क्योंकि महापौर ने साधारण सभा के लिए तारीख नए सीएम के शपथग्रहण से पहले ही तय कर दी थी। निगम सूत्रों के मुताबिक चूंकि अब सीएम नई आ गई है और कोई भी अब कानूनी अड़चन नहीं है तो इस माह चुनाव की तारीख और चुनाव कराने की प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा।

महापौर व उप महापौर का चुनाव तीसरे वर्ष के लिए हो रहा है इसलिए यह वर्ष अनुसूचित जाति के पार्षद के लिए आरक्षित हैं। इसके लिए अप्रैल में नामांकन की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। शुरुआत में महापौर पद पर दो तो उप महापौर पद पर चार प्रत्याशी थे।

इसी महीने हो सकता है चुनाव

इसमें दो प्रत्याशियों ने नामांकन वापस ले लिया है। इसलिए अब महापौर और उप महापौर पद पर दो-दो प्रत्याशी बचे हैं। चूंकि हर माह निगम की एक साधारण सभा की बैठक अनिवार्य है इसलिए संभवत: इस माह की होने वाली बैठक में महापौर व उप महापौर चुनाव की प्रक्रिया कराई जाए।

इसलिए महापौर चुनाव की तारीख तय होने के बाद महापौर चुनाव के लिए पीठासीन अधिकारी नियुक्ति संबंधित फाइल को पहले दिल्ली सरकार भेजा जाएगा और फिर बाद में सीएम के हस्ताक्षर के लिए भेजी जाएगी और बाद में उपराज्यपाल इसकी मंजूरी दे देंगे।

ऐसे नियुक्त होता है निगम में महापौर चुनाव के लिए पीठासीन अधिकारी

  • निगम सचिव - कमीश्नर को यह फाइल भेजते हैं।
  • निगम कमीश्नर- शहरी विभाग के सचिव को फाइल भेजते हैं
  • शहरी विकास विभाग के सचिव- मुख्य सचिव को फाइल भेजते हैं
  • मुख्य सचिव - शहरी विकास विभाग के मंत्री को फाइल भेजते हैं
  • शहरी विकास विभाग के मंत्री- मुख्यमंत्री को यह फाइल भेजते हैं
  • मुख्यमंत्री - उपराज्यपाल को यह फाइल भेजते हैं।

किसके पास हैं कितने पार्षद

  • भाजपा-115
  • आप- 124
  • कांग्रेस -9
  • निर्दलीय-1
  • रिक्त-1

कौन-कौन है महापौर व उप महापौर पद का प्रत्याशी

महापौर पद के लिए

  • महेश कुमार (आप) - वार्ड संख्या 84,देव नगर
  • कृष्ण लाल( (भाजपा) -वार्ड संख्या 62 , शकुरपुर

उप-महापौर पद के लिए

  • रवींद्र भारद्वाज (आप)  - वार्ड संख्या 41- अमन विहार
  • नीता बिष्ट (भाजपा)    -वार्ड संख्या 247 सादतपुर
लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें