Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

दिल्ली के रिहायशी इलाकों व मंदिर के पास बंद हो शराब का ठेका: बिधूड़ी

देवली गांव में वाल्मीकि मंदिर के पास शराब के ठेके का विरोध कर रही महिलाओं पर ठेकेदार के गुंडों ने हमला कर दिया। इससे चार महिलाएं घायल हुई हैं। दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष व बदरपुर से विधायक रामवीर सिंह बिधूड़ी ने घटनास्थल का दौरा किया।

By Pradeep ChauhanEdited By: Updated: Fri, 18 Feb 2022 01:53 PM (IST)
Hero Image
जब तक ठेका बंद नहीं किया जाता, धरना जारी रहेगा।

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। देवली गांव में वाल्मीकि मंदिर के पास शराब के ठेके का विरोध कर रही महिलाओं पर ठेकेदार के गुंडों ने हमला कर दिया। इससे चार महिलाएं घायल हुई हैं। दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष व बदरपुर से विधायक रामवीर सिंह बिधूड़ी ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने इसकी कड़ी निंदा की। वे खुद भी धरने पर बैठ गए हैं। हमला करने वाले गुंडों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने कहा है कि जब तक ठेका बंद नहीं किया जाता, धरना जारी रहेगा।

दरअसल, देवली गांव में वाल्मीकि मंदिर के पास ही शराब का ठेका खोले जाने से स्थानीय लोग नाराज हैं। करीब एक महीने से वे इसका विरोध कर रहे हैं और धरने पर बैठे हुए हैं। बृहस्पतिवार सुबह शराब के ठेकेदार के गुंडों ने धरने पर बैठी महिलाओं पर हमला कर दिया, जिससे कई महिलाएं घायल हो गईं। घटना के बाद वहां बड़ी संख्या में लोग इकट्ठे हो गए।

इस पर नेता प्रतिपक्ष भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने कहा है कि दिल्ली में 350 से ज्यादा ठेके, मास्टर प्लान का उल्लंघन करके रिहायशी इलाकों में खोले गए हैं या फिर मंदिर, गुरुद्वारे या स्कूल के पास खोले गए हैं। ऐसे तमाम ठेकों को बंद कराने के लिए भाजपा आंदोलन कर रही है। यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक ये तमाम ठेके बंद नहीं करा दिए जाते।

उन्होंने दिल्ली के पुलिस आयुक्त से मांग की है कि इस घटना के दोषियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और धरने पर बैठे लोगों की सुरक्षा का इंतजाम किया जाए। उन्होंने कहा है कि केजरीवाल सरकार ने गली-गली में शराब के ठेके खोलकर पूरी दिल्ली में कानून-व्यवस्था की समस्या पैदा कर दी है।