Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Delhi Rains: विदाई की बेला में भी दिल्ली को सराबोर कर गया मानसून, चार साल में रिकॉर्ड बारिश दर्ज

इस साल दिल्ली में मानसून ने जमकर बरसात की है। मौसम विभाग के अनुसार इस मानसून सीजन में अब तक एक हजार मिमी से ज्यादा वर्षा हो चुकी है जो सामान्य से करीब 60 प्रतिशत ज्यादा है। इससे पहले वर्ष 2021 के मानसून में इससे ज्यादा वर्षा देखने को मिली थी। इस बार मानसून का आगमन भी धमाकेदार तरीके से हुआ। 28 जून को मानसून पहुंचा था।

By sanjeev Gupta Edited By: Sonu Suman Updated: Fri, 20 Sep 2024 10:06 PM (IST)
Hero Image
विदाई की बेला में भी दिल्ली को सराबोर कर गया मानसून।

संजीव गुप्ता, नई दिल्ली। इस साल राष्ट्रीय राजधानी में रिकॉर्ड गर्मी पड़ी तो मानसून ने भी निराश नहीं किया। आलम यह है कि मानसून की वर्षा ने पूरे साल का कोटा पूरा करते हुए इस बार एक हजार मिमी का आंकड़ा पार कर लिया है।

मौसम विभाग के मुताबिक इस मानसून सीजन में अभी तक एक हजार मिमी से ज्यादा वर्षा हो चुकी है, जो सामान्य से करीब 60 प्रतिशत ज्यादा है। इससे पूर्व वर्ष 2021 के मानसून में इससे ज्यादा वर्षा देखने को मिली थी। दिल्ली में इस बार मानसून का आगमन भी धमाकेदार तरीके से हुआ। 28 जून को मानसून पहुंचा और 24 घंटे के भीतर 228 मिमी वर्षा हो गई। जुलाई में वर्षा का आंकड़ा सामान्य रहा लेकिन अगस्त में फिर जोरदार वर्षा हुई। सितंबर के अभी तक के दिनों में भी दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में अच्छी वर्षा हुई है।

मानसून सीजन में ज्यादा वर्षा रिकॉर्ड हुई

मौसम विभाग के मुताबिक जून, जुलाई, अगस्त और सितंबर के अब तक के दिनों में कुल मिलाकर 1029.9 मिमी बरसात हो चुकी है। सामान्य तौर पर मानसून के इन महीनों में 640 मिमी बरसात होती है। यानी इस बार सामान्य से 67 प्रतिशत ज्यादा वर्षा हो चुकी है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2021 में पूरे मानसून सीजन में 1169.7 मिमी बरसात हुई थी। यानी चार साल बाद मानसून सीजन में इतनी ज्यादा वर्षा रिकॉर्ड हुई है।

मौसम विभाग के मुताबिक 20 सितंबर तक आमतौर पर 101.4 मिमी बरसात होती है। जबकि इस बार अभी तक 192.5 मिमी वर्षा हो चुकी है, जो सामान्य से 90 प्रतिशत ज्यादा है। वर्ष 2021 के सितंबर में 413.3 मिमी बरसात हुई थी। सामान्य तौर पर सितंबर में 123 मिमी बरसात होती है।

20 में से 11 दिन बरसात

दिल्ली में इस बार सितंबर के 20 में से 14 दिन बूंदाबांदी, हल्की या मध्यम बरसात रिकार्ड की गई है। छह सितंबर को सबसे ज्यादा 36.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी। इससे पहले अगस्त में 22 दिन ऐसे रहे थे जब कम या ज्यादा वर्षा हुई थी।

पिछले पांच सालों में मानसून की वर्षा के आंकड़े

वर्ष 2024 1019.7 मिमी
वर्ष 2023 660.8 मिमी
वर्ष 2022 516.9 मिमी
वर्ष 2021 1169.7 मिमी
वर्ष 2020 576.6 मिमी

यह भी पढ़ेंः यमुना की सफाई को लेकर किए जा रहे दावे खोखले, 37 में से 21 सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट मानक पर खरे नहीं उतरे