Move to Jagran APP

दिल्ली पहुंचा मानसून, 24 घंटे की वर्षा ने तोड़ा 88 साल का रिकॉर्ड; अगले दो दिनों के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार सुबह सुबह साढ़े पांच बजे तक सफदरजंग पर 148.5 मिमी और साढ़े आठ बजे तक 228.1 मिमी वर्षा दर्ज की गई। यह 28 जून 1936 के बाद 88 सालों में इस माह की 24 घंटे की अभी तक की सर्वाधिक वर्षा है। दिल्ली के अन्य इलाकों में लोधी रोड पर 193.8 रिज में 150.4 पालम में 107.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।

By sanjeev Gupta Edited By: Sonu Suman Published: Fri, 28 Jun 2024 09:25 PM (IST)Updated: Fri, 28 Jun 2024 10:02 PM (IST)
दिल्ली में मानसून प्रवेश कर गया है और आगे भी भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। अभी तक उच्च तापमान, भीषण लू एवं सूखे की मार झेल रही दिल्ली ने अब वर्षा का भी 88 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। दस्तक के साथ ही मानसून की पहली और महज 24 घंटे की वर्षा 124 साल (1901 से लेकर 2024 तक) का ऑल टाइम रिकॉर्ड तोड़ने से थोड़ा ही पीछे रह गई। हैरानी की बात यह कि इस बरसात ने न सिर्फ मार्च से जून तक बल्कि मानसून की कुल वर्षा का भी एक तिहाई कोटा पूरा कर दिया है। अभी शनिवार और रविवार को भी दिल्ली में भारी वर्षा होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया हुआ है।

मानसून की पहली रिकॉर्ड वर्षा ने ही दिल्ली को सराबोर कर दिया। उमस भरी गर्मी से भी दिल्ली वालों को काफी राहत मिली और तापमान में भी खासी गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि इस रिकॉर्ड वर्षा से जनजीवन भी अस्त व्यस्त हो गया।

उमस से राहत दिलाने के लिए हुई अच्छी बारिश

यूं बृहस्पतिवार सुबह भी दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में उमस से राहत दिलाने वाली अच्छी वर्षा हुई थी। लेकिन रात करीब पौने तीन बजे शुरू हुई वर्षा शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे तक चलती रही। मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार सुबह सुबह साढ़े पांच बजे तक सफदरजंग पर 148.5 मिमी और साढ़े आठ बजे तक 228.1 मिमी वर्षा दर्ज की गई। यह 28 जून 1936 के बाद 88 सालों में इस माह की 24 घंटे की अभी तक की सर्वाधिक वर्षा है। दिल्ली के अन्य इलाकों में लोधी रोड पर 193.8, रिज में 150.4, पालम में 107.0 और आयानगर में 66.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।

बारिश की वजह से तापमान में गिरावट

भारी वर्षा की वजह से न्यूनतम तापमान में भी एक दिन पहले के मुकाबले कई डिग्री की गिरावट देखने को मिली। शुक्रवार काे न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 24.7 डिग्री दर्ज किया गया जबकि बृहस्पतिवार को यह 28.6 डिग्री रहा था। अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 32.5 डिग्री दर्ज हुआ। एक दिन पहले यह 35.4 डिग्री रहा था। हवा में नमी का स्तर 100 से 71 प्रतिशत रिकॉर्ड हुआ।

मौसम विज्ञानियों के अनुसार शुक्रवार को भारतीय समयानुसार सुबह लगभग 2.45 बजे नई दिल्ली के उत्तर में एक तूफान आया था। उत्तर प्रदेश में पहले से आए एक बड़े तूफान की उपस्थिति ने इसके असर को और अधिक प्रभावी बनाने में अहम भूमिका निभाई। इसीलिए इतनी रिकॉर्ड बरसात हुई।

शनिवार को भी दिनभर बादल छाए रहेंगे

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शनिवार को भी दिन भर बादल छाए रहेंगे। 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली झोंकेदार हवा के साथ मध्यम से भारी बरसात होने की संभावना है। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 32 और 25 डिग्री रह सकता है। रविवार को भी कमोबेश ऐसा ही मौसम बना रहेगा। यूं चार जुलाई तक रोजाना ही वर्षा होने का अनुमान है, हर दिन के लिए यलाे अलर्ट भी जारी है। इस दौरान अधिकतम तापमान 29 डिग्री तक आ सकता है।

1901 से 2024 तक जून माह में कब कब हुई अत्यधिक वर्षा (मिमी में)

वर्षा हुई (मिमी) कब हुई रैंक
139.7 24 जून 1933 चौथी
235.5 24 जून 1936 पहली
191.6 30 जून 1981 तीसरी
228.1 28 जून 2024 दूसरी

ये भी पढ़ें- Heavy Rain in Delhi: बेतहाशा विकास के कारण पीछे छूटती गई जल निकासी प्रणाली, 48 साल पुरानी व्यवस्था के सहारे दिल्ली


This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.