Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Monsoon in Delhi: इस दिन से रोज होगी बारिश, कब दिल्ली पहुंचेगा मानसून मौसम विभाग ने बताया

दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से गर्मी से राहत मिली है। हालांकि उमस से अभी राहत नहीं मिल पा रही है। राजधानी में बादलों की आवाजाही जारी है। इससे बूंदाबांदी भी हो जाती है। मौसम विभाग ने मानसून को लेकर भी अपडेट दिया है जिसके आने के बाद दिल्ली में हर दिन बारिश होगी। इससे गर्मी और उमस से राहत मिल सकती है।

By sanjeev Gupta Edited By: Geetarjun Updated: Wed, 26 Jun 2024 06:00 AM (IST)
Hero Image
दिल्ली में एक जुलाई से हर दिन होगी बारिश।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। लू के बाद उमस की मार झेल राजधानी में मानसून की दस्तक सप्ताहांत (28 से 30 जून के मध्य) तक हो जाने के आसार हैं। इसी क्रम में मौसम विभाग विभाग ने एक जुलाई तक हर रोज हल्की वर्षा होने की संभावना व्यक्त की है।

सप्ताह भर के लिए यलो अलर्ट भी जारी कर दिया गया है। इस दौरान दिन व रात के तापमान में भी तेजी से कमी आएगी और यह 35 एवं 22 डिग्री तक पहुंच जाने के आसार जताए जा रहे हैं।

मंगलवार को भी छाए रहे बादल

उधर दिल्ली में मंगलवार को भी दिल्ली में सूर्य व बादलों की आंखमिचौली चलती रही। बरसात तो नहीं हुई, लेकिन उमस के चलते लोग दिन भर पसीने से भीगते रहे। हवा की रफ्तार नहीं के बराबर ही रही।

दिल्ली में कितना रहा तापमान

अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 39.7 (40 डिग्री से नीचे) डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। हालांकि हीट इंडेक्स 53 ही रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 28.6 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। हवा में नमी का स्तर 92 से 48 प्रतिशत रहा। एक खास बात यह भी कि मंगलवार को दिल्ली में कहीं का भी तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर नहीं गया।

बुधवार को कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बुधवार को दिनभर बादल छाए रहेंगे। 25 से 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली झोंकेदार हवा के साथ गर्जन वाले बादल बनने और हल्की वर्षा होने के भी आसार हैं। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 38 और 28 डिग्री रह सकता है। मौसम विभाग ने यलो अलर्ट भी जारी किया है।

दूसरी ओर मंगलवार को भी दिल्ली का एक्यूआई 200 से नीचे यानी ''मध्यम'' श्रेणी में रिकॉर्ड किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक दिल्ली का एक्यूआइ 139 रहा। इस स्तर की हवा को ''मध्यम'' श्रेणी में रखा जाता है। अगले दो दिनों के बीच भी वायु गुणवत्ता का स्तर इसी के आसपास रहने की संभावना है।