Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Monsoon in Delhi: बारिश को लेकर मौसम विभाग का बड़ा अपडेट, जानिए इस सप्ताह छुट्टी पर रहेगा मानसून या बरसेंगे बदरा

Delhi Monsoon Update दिल्लीवालों को एक बार फिर से उमस परेशान कर सकती है क्योंकि मौसम विभाग ने बारिश की संभावना नहीं जताई है। इस सप्ताह मानसून छुट्टी पर रहेगा। इससे कम वर्षा होगी। मौसम विभाग का कहना है कि बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। साथ ही हवा भी चलती रहेगी। वहीं रविवार का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

By sanjeev Gupta Edited By: Geetarjun Updated: Sun, 07 Jul 2024 11:56 PM (IST)
Hero Image
दिल्ली में इस सप्ताह कम होगी बारिश।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। इस पूरे सप्ताह राजधानी में मानसून के ब्रेक पर रहने की संभावना है। बादलों की आवाजाही लगी रहेगी, बीच-बीच में हल्की वर्षा भी हो सकती है, लेकिन तेज वर्षा नहीं होगी। इस दौरान बढ़ी हुई उमस भी एक बार फिर से परेशान कर सकती है।

इस बीच रविवार को दिन भर सूरज और बादलों के बीच लुकाछिपी चलती रही। लेकिन देर शाम तक भी कहीं से हल्की वर्षा तक की सूचना नहीं मिली। चूंकि हवा चल रही थी तो उमस से भी थोड़ी राहत बनी रही।

आज कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि सोमवार को बादल छाए रहेंगे। कहीं कहीं हल्की वर्षा भी होने की संभावना है। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 36 और 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

रविवार को कितना रहा तापमान

रविवार का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 35.8 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 26.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। हवा में नमी का स्तर 93 से 57 प्रतिशत तक दर्ज किया गया।

पहली बार सबसे साफ हवा में ली सांस

विवार को दिल्ली वासियों ने इस साल की सबसे साफ हवा में सांस ली। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी, CPCB) के मुताबिक रविवार को दिल्ली का एक्यूआई महज 56 दर्ज किया गया। यह लगातार चौथा दिन है, जब दिल्ली का एक्यूआई 100 से नीचे रहा है।

मानसून की जोरदार दस्तक के बावजूद भले ही दिल्ली में पिछले सप्ताह से अच्छी वर्षा नहीं हुई है, लेकिन हल्की वर्षा और तेज हवा का प्रदूषण पर खासा असर देखने को मिल रहा है।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें