Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

MotoGP: 10 साल बाद फिर सर्किट पर उतरा रोमांच, अभ्यास सत्र में दिखा मूनी वीआर46 का जलवा

2013 में इंडियन ग्रांप्रि एफ वन रेस की सफल मेजबानी के 10 वर्षों बाद शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा स्थित बुद्ध अंतरराष्ट्रीय सर्किट (बीआइसी) पर अभ्यास सत्र के साथ रोमांचित कर देने वाली मोटोजीपी भारत 2023 की शुरुआत हो गई। इस तीन दिवसीय रेस में 360 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से सुपर बाइक सवार राइडर्स शेष दोनों दिन फर्राटा भरते दिखेंगे।

By Jagran NewsEdited By: Nitin YadavUpdated: Sat, 23 Sep 2023 08:33 AM (IST)
Hero Image
MotoGP: 10 साल बाद फिर सर्किट पर उतरा रोमांच।

नई दिल्ली, अभिषेक त्रिपाठी। 2013 में इंडियन ग्रांप्रि एफ वन रेस की सफल मेजबानी के 10 वर्षों बाद शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा स्थित बुद्ध अंतरराष्ट्रीय सर्किट (बीआइसी) पर अभ्यास सत्र के साथ रोमांचित कर देने वाली मोटोजीपी भारत 2023 की शुरुआत हो गई।

बीआइसी की इस ट्रैक पर शुरू हुई इस तीन दिवसीय रेस में 360 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से सुपर बाइक सवार राइडर्स शेष दोनों दिन फर्राटा भरते दिखेंगे। शुक्रवार को आध्यात्मिक गुरु सद्गुरु जग्गी वासुदेव ने विशेष अंदाज में इस प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। अभ्यास सत्र से पूर्व उन्होंने सर्किट का मुआयना करने के बाद उद्घाटन लैप लिया।

अभ्यास सत्र में दिखा मूनी वीआर46 का जलवा

शुक्रवार को प्रतियोगिता के पहले दिन तीनों प्रारूपों (मोटो2, मोटो3 और मोटोजीपी) के राइडर्स ने सर्किट पर अभ्यास रेस (पीआर) में भाग लिया। अभ्यास रेस में मूनी वीआर46 टीम के लुका मरीनी प्रथम, प्राइमा प्राइमैक के मार्टिन दूसरे और एप्रिलिया रेसिंग के एस्पारगारो तीसरे स्थान पर रहे।

वहीं, विश्व नंबर एक फ्रांसेस्को बगनिया सातवें स्थान पर रहे। इसके पहले हुई फ्री अभ्यास रेस (एफपी1) में मूनी वीआर46 के बेज्जेकी पहले, रेप्सोल होंडा के मार्कीज दूसरे और रेड बुल के बाइंडर तीसरे स्थान पर रहे। इस रेस में भी विश्व नंबर एक बगनिया अधिक प्रभावित नहीं कर सके और 15वें स्थान पर रहे।

यह भी पढ़ें: MotoGP Race 2023: भारत का गलत नक्शा दर्शाने के मामले ने पकड़ा तूल, मोटोजीपी ने मांगी माफी; ये है पूरा मामला

पोल पोजीशन के लिए आज जोर आजमाएंगे राइडर्स

अब शनिवार यानी आज 23 सितंबर को क्वालीफाइंग रेस होगी। इसमें पोल पोजीशन (सबसे आगे) पाने के लिए क्वालीफाइंग रेस में विश्व भर के चैंपियनों के बीच रफ्तार की जंग होगी। क्वालीफाइंग सत्र शनिवार को सुबह 11.20 बजे-11.35 बजे तक और 11.45-12.00 बजे तक होंगे। 24 सितंबर को मोटोजीपी भारत की खिताबी दौड़ में खिलाड़ी दोपहर 3.30 बजे से एक दूसरे को पछाड़ने उतरेंगे।

आयोजकों ने भारत के नक्शे से जम्मू-कश्मीर को हटाया

भारत में पहली बार हो रही मोटोजीपी रेस के आयोजकों ने अपने आयोजन के वीडियो में भारत के नक्शे में जम्मू-कश्मीर को अलग करके दिखाया। शुक्रवार को दोपहर इसका स्क्रीनशाट इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गया। इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट देख लोगों का आयोजकों पर गुस्सा फूट पड़ा। आनन-फानन में आयोजकों ने वीडियो में सुधार करते हुए नक्शे को ठीक किया।

इसके बाद अपने इंटरनेट मीडिया हैंडल के जरिये गलती पर माफी मांगी। मोटोजीपी द्वारा भारत में हो रहे इंडिया ग्रांप्रि के आयोजन को लेकर भारत की झलक और मोटोजीपी के बारे में जानकारी देते कुछ मिनट का वीडियो बनाया है। वीडियो की शुरुआत में भारत का नक्शा दिखाया गया। नक्शे में जम्मू कश्मीर और लद्दाख का हिस्सा गायब था।

भारत 30वां देश जहां हो रही है मोटोजीपी

वर्ष 1949 में शुरू हुई मोटोजीपी रेस अब तक 29 देशों में हो चुकी है। पहली बार भारत में इसका आयोजन हो रहा है। भारत 30वां देश है जहां मोटोजीपी हो रही है। एशिया में भारत आठवां देश है जहां यह रेस आयोजित हो रही है। इससे पहले इंडोनेशिया, थाइलैंड, तुर्किये, जापान, मलेशिया, चीन और कतर में मोटोजीपी हो चुकी है। वहीं बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट विश्व का 31वां सर्किट है, जहां सुपर बाइक रफ्तार भरेंगी।

यह भी पढ़ें: खूंखार आवारा कुत्तों का भयावह आतंक! दिल्ली में हर रोज हजारों लोग बन रहे शिकार; ये आंकड़े देख कांप जाएगी रूह