Move to Jagran APP

नीम के पेड़ के फायदे, कई बीमारियों से बचाव तक में है कारगर

Benefits of Neem Tree नीम को सदियों से एक औषधीय पौधा और पेड़ माना जाता रहा है। इसके दातून से फायदे पूरी दुनिया जानती है। इसके अलावा नीम पत्तियां भी कई तरह के औषधीय गुणों से युक्त हैं।

By Ritu RanaEdited By: Pradeep ChauhanUpdated: Tue, 29 Mar 2022 12:53 PM (IST)
नीम के पेड़ के फायदे, कई बीमारियों से बचाव तक में है कारगर
नीम के पेड़ के फायदे, कई बीमारियों से बचाव तक में है कारगर

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। नीम के पेड़ के फायदे से देश-दुनिया के लोग बखूबी परिचित हैं। यही वजह है कि गांवों में तकरीबन हर घर आगे नीम का एक पेड़ अनिवार्य रूप से होता है। टूथ ब्रश और टूथ पेस्ट के बढ़ते प्रभाव के बीच गांव में भी आज भी ज्यादातर लोगों के सुबह की शुरुआत नीम के दातून से होती है। चिकित्सकों की मानें तो नीम का पेड़ ही एंटी बैक्टीरियल (बैक्टीरिया से लड़ने वाला) होता है। इसके अलावा एंटी फंगल (फंगस से लड़ने वाला) होने के साथ ही यह एंटीऑक्सीडेंट (मुक्त कणों के प्रभाव को कम करने वाला)  भी होता है। यह कहा जाता है कि नीम सांप के जहर के असर को कम करने की क्षमता भी रखता है। हिंदू मान्यता के मुताबिक यह मां दुर्गा का स्वरूप है जो हर तकलीफ को दूर कर देता है। ये सबसे ज्यादा ऑक्सीजन देता है और रोगाणुओं को खत्म करता है। अगर अपने आंगन या घर के आजू-बाजू एक नीम रोप दें तो बड़ा होकर समझ लीजिए एक डॉक्टर आपके परिवार की देखरेख खुद ब खुद कर रहा है।

जानिये- नीम के ये फायदे

  • नीम की पत्तियों को पीसकर अगर इसका वर्क बच्चों को पिलाया जाए तो पेट के कीड़े मर जाते हैं।
  • नीम शुगर की बीमारी में बहुत कारगर होता है।
  • कई तरह के औषधीय गुण होने के नाते इसमें कैंसर से लड़ने की क्षमता भी होती है।
  • नीम की पत्तियों में कई तरह के गुण होते हैं, इनके जलाने से हवा में मौजूद बैक्टरिया मर जाते हैं।
  •  नीम की पत्तियों के रस का सेवन करने से लिवर मजबूत रहता है।
  •  इसके बीज, फल, फूल में ट्यूमर रोधी गुण पाए जाते हैं जो कई प्रकार के कैंसर को खत्म करने में मददगार हैं।
  •  नीम की दातुन दांतों और मसूड़ों के लिए सबसे अच्छी दवा मानी जाती है।
  •  नीम की पत्तियों को उबालकर ठंडे किए गए पानी से नहाने से त्वचा हर प्रकार के संक्रमण से सुरक्षित रहती है।
  •  इस पानी से बाल धोने से डैंड्रफ की समस्या भी दूर होती है।
  •  नीम की सूखी पत्तियां जलाकर धुआं करने से मच्छर पास भी नहीं फटकते, जो इस मौसम में नाक में दम कर देते हैं।
  •  कपड़ों में नीम की पत्तियां या नीम के तेल की गोलियां रखने से कपड़े नमी से खराब नहीं होते।
  •  अनाज में नीम के पत्ते रखने से कीड़े नहीं लगते।