Move to Jagran APP

Delhi: शादी का झांसा देकर ठगी करने वाले नाइजीरियाई गिरोह के नौ सदस्य गिरफ्तार

आरोपितों ने बताया कि उन्होंने फ्लैट में निजी कॉल सेंटर बना रखा था। गिरोह के सदस्य अलग-अलग मैट्रिमोनियल साइट पर फर्जी अकाउंट बनाते थे। ठग खुद को विदेश में बसे होने की बात बता युवती और पुरूषों से शादी का झूठा वादा करते थे।

By Mangal YadavEdited By: Updated: Thu, 31 Dec 2020 06:45 AM (IST)
Hero Image
मैट्रिमोनियल साइट पर फर्जी अकाउंट बनाकर लोगों को फंसाते थे

 नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। मध्ट जिला पुलिस ने शादी का झांसा देकर ठगी करने वाले नाइजीरियाई गिरोह के नौ सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपित मैट्रिमोनियल साइट पर फर्जी अकाउंट बनाकर पहले लोगों को फंसाते थे। बाद में शादी के लिए वे भारत आने की बात बताते थे। वहीं, एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों द्वारा जब्त गिफ्ट को छुड़ाने के बहाने आरोपित लोगों से अपने खाते में रुपये मांगा उन्हें ठग लेते थे। आरोपितों में सात पुरूष और दो महिला हैं। उनके पास से एक कार, 64 मोबाइल फोन, चार लैपटॉप, चार वाईफाई राऊटर, चार डिश टीवी व 19530 रुपए जब्त किए गए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि दरियागंज थाने में एक युवती ने अक्तूबर महीने में 85 हजार रुपए की ठगी की शिकायत की थी। पीडि़ता ने पुलिस को बताया कि मैट्रिमोनियल साइट के माध्यम से उसकी एक शख्स से दोस्ती हुई थी। उसने उससे रुपये ठग लिए। मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने छानबीन की तो पाया कि आरोपित का मैट्रिमोनियल पर बनाया गया अकाउंट फर्जी है। जिसके बाद पुलिस की टीम ने टेक्नीकल सर्विलांस की मदद से बदमाश की जुटाई और ग्रेटर नोएडा सेक्टर स्थित एक फ्लैट में छापा मार वहां से नाइजीरियाई गिरोह के नौ सदस्यों फेलिक्स, इमैनुएल, क्रिस्टियन, उकाका, टोबेना प्रिंस, डैनियल, इफैनी, ओनेयाबो ओजियोमा अौर जेम्स ओजियोमा को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उन्होंने फ्लैट में निजी कॉल सेंटर बना रखा था। गिरोह के सदस्य अलग-अलग मैट्रिमोनियल साइट पर फर्जी अकाउंट बनाते थे। सम्पन्न घराने से होने के साथ ही ठग खुद को विदेश में बसे होने की बात बता युवती और पुरूषों से शादी का झूठा वादा करते थे। वहीं झांसे में लेने के बाद ठग पीड़ित से कहते थे कि वे सगाई करने के लिए विदेश से भारत आ रहे हैं। इसी बीच गिरोह के बदमाश उन्हें बताते कि एयरपोर्ट पर कस्टम ने उनके लिए लाए जाने वाला गिफ्ट जब्त कर लिया है। गिफ्ट को छुड़ाने के बहाने बाद में वे पीड़ित से हजारों रुपये अपने खाते में स्थानांतरित करवा लेते थे। पुलिस छानबीन में अब तक गिरोह द्वारा लोगों से 55 लाख से ज्यादा की ठगी की बात सामने आई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।