Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

दिल्ली सहित उत्तर भारत में गर्मी से त्राहिमाम, मौसम विभाग ने राहत देने वाली बताई तारीख; लेकिन देश के इन इलाकों में जारी रहेगी लू

नौतपा भले ही 15 दिन पहले समाप्त हो गया हो लेकिन उत्तर भारत के अधिकांश राज्य अभी भी बुरी तरह से तप रहे हैं। चिलचिलाती धूप एवं भीषण लू के बीच हर जगह त्राहिमाम वाली स्थिति बनी हुई है। जनजीवन भी अस्त व्यस्त हो रहा है। पश्चिमी हवाएं इतनी मजबूती से चल रही हैं कि मानसून को बल देने वाली पूर्वी हवाएं कमजोर पड़ रही हैं।

By sanjeev Gupta Edited By: Geetarjun Updated: Tue, 18 Jun 2024 06:00 AM (IST)
Hero Image
लू से परेशान बच्ची आईटीओ पर जलबोर्ड के बहते पानी से मुंह धोकर राहत पाने की कोशिश करती हुई।

संजीव गुप्ता, नई दिल्ली। नौतपा भले ही 15 दिन पहले समाप्त हो गया हो, लेकिन उत्तर भारत के अधिकांश राज्य अभी भी बुरी तरह से तप रहे हैं। चिलचिलाती धूप एवं भीषण लू के बीच हर जगह त्राहिमाम वाली स्थिति बनी हुई है। जनजीवन भी अस्त व्यस्त हो रहा है।

पश्चिमी हवाएं इतनी मजबूती से चल रही हैं कि मानसून को बल देने वाली पूर्वी हवाएं कमजोर पड़ रही हैं। मौसम विभाग विभाग की मानें तो अभी हाल फिलहाल बहुत बड़ी राहत मिलने के आसार भी नहीं लग रहे।

40 डिग्री से नीचे नहीं आया तापमान

इस बार एक माह से भी ज्यादा समय हो गया है, लेकिन अधिकतम तापमान एक बार भी 40 डिग्री से नीचे नहीं आया। घरों से लेकर दफ्तरों तक लोग परेशान हैँ। एसी व कूलर तक फेल हो रहे हैं। दिन के समय तो सड़कों-बाजारों में भी सन्नाटा पसरा रहता है। बिजली की मांग लगातार रिकार्ड तोड़ रही है, बिजली बिल का खर्च भी बढ़ गया है।

सिर्फ मैदानी इलाकों में ही नहीं, पहाड़ों तक पर गर्मी के रिकार्ड टूट रहे हैं। लोग राहत के लिए पहाड़ों पर पहुंच रहे हैं मगर वहां भी गर्मी से बुरा हाल है।

मौसम कब लेगा करवट

मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर और पूर्वी भारत के अधिकांश राज्यों को फिलहाल गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। हालांकि 19 से 21 जून के दौरान एक पश्चिमी विक्षोभ के असर से दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और उत्तर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम थोड़ा करवट लेगा। तेज आंधी के साथ पंजाब में तेज जबकि शेष राज्यों में हल्की वर्षा हो सकती है।

इस दौरान दो तीन डिग्री तापमान भी कम हो सकता है। इसके बाद वापस लू और प्रचंड गर्मी का दौर शुरू हो जाएगा।

जानिए कहां रह सकती है लू जारी

मौसम विभाग ने कहा कि उत्तरी मध्य प्रदेश, उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों, उत्तरी राजस्थान, विदर्भ, पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भी लू जारी रह सकती है। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, मध्य प्रदेश में रात के समय भी गर्मी महसूस की जाएगी।

दिल्ली में रेड अलर्ट जारी

वहीं, राष्ट्रीय राजधानी में दो दिन से रेड अलर्ट चल रहा है और मंगलवार के लिए भी यही स्थिति है। दिन और रात दोनों का तापमान सामान्य से पांच या छह डिग्री अधिक चल रहा है। यानी दिन में ही नहीं, रात को भी लू वाली ही स्थिति बनी हुई है।

सोमवार को भी अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री अधिक 45.2 डिग्री जबकि न्यूनतम सामान्य से पांच डिग्री अधिक 33.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 2012 के बाद जून माह में न्यूनतम तापमान 33 डिग्री तक कभी नहीं गया। वहीं 46.9 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ जाफरपुर और 35.9 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ पीतमपुरा सोमवार को दिल्ली के सर्वाधिक गर्म इलाके रहे।

स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष (मौसम विज्ञान एवं जलवायु परिवर्तन) महेश पलावत ने बताया कि भीषण गर्मी की यह स्थिति पश्चिमी हवाओं के मजबूत और पूर्वी हवाओं के कमजोर होने तथा सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों की कमी से बनी हुई है। अभी लगभग दस दिन तक इस प्रचंड गर्मी से अधिक राहत मिलने के आसार नहीं हैं। 27 जून के करीब दिल्ली में मानसून संबंधी गतिविधियां शुरू हो जाएंगी।नउत्तर प्रदेश में भी माह के चौथे सप्ताह तक मानसून की दस्तक हो सकती है।

सोमवार को दिल्ली में कहां कितना अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)

स्थान                      अधिकतम            न्यूनतम

पालम                       46.0                 33.0

लोधी रोड                  45.6                 32.2

रिज                          46.3                29.7

आयानगर                  46.4                33.7

जाफरपुर                   46.9                32.4

नजफगढ़                   46.3                32.4

पूसा                          46.6                33.9

पीतमपुरा                   46.5                35.9

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें