Move to Jagran APP

ओडिशा की महिला से दिल्ली में हैवानियत की हदें पार, अधमरी हालत में सड़क किनारे फेंका

दिल्ली के सराय काले खां से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आ रही है। यहां ओडिशा की एक महिला के साथ दुष्कर्म के बाद उसे फेंकने की घटना सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि महिला ओडिशा से बिना परिवार को बताए दिल्ली आई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और...

By Jagran News Edited By: Pooja Tripathi Updated: Sat, 12 Oct 2024 11:53 AM (IST)
Hero Image
ओडिशा की महिला के साथ दिल्ली में हैवानियत। फाइल फोटो

जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में एक बार फिर महिला के साथ दरिंदगी की घटना सामने आई है। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के सराय काले खां में शुक्रवार तड़के 34 वर्षीय एक युवती के साथ दुष्कर्म कर उसे सड़क किनारे फेंक दिया।

पीड़िता को खून से लतपथ हालत में एक नौसेना अधिकारी ने अस्पताल पहुंचाया। युवती की स्थिति नाजुक बनी हुई है। वह कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं है। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।

रास्ते से गुजरते नौसेना अधिकारी ने सबसे पहले पीड़िता को देखा

पुलिस के मुताबिक तड़के करीब साढ़े तीन बजे एक नौ सेना अधिकारी सराय काले खां से गुजर रहे थे। इसी बीच उन्होंने सड़क किनारे एक युवती को बेसुध अवस्था में देखा। इस पर वह युवती के पास गए तो वह खून से लतपथ थी। तभी मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और नौ सेना अधिकारी की मदद से युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसके संवेदनशील अंगों पर भी चोट के निशान हैं। बताया जा रहा है कि युवती मानसिक रूप से भी परेशान है।

मूलरूप से ओडिशा की रहने वाली है पीड़िता

पुलिस जांच में सामने आया कि युवती मूलरूप से ओडिशा की रहने वाली है। आशंका जताई जा रही है कि पीड़िता के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसे आरोपितों ने सड़क किनारे फेंक दिया।

वह खून से लतपथ अवस्था में सड़क पर पड़ी मिली। उसके कपड़े भी खून से सने हुए मिले हैं। फिलहाल पीड़िता की हालत नाजुक बनी हुई है। उसकी हालत ऐसी है कि वह पुलिस को बयान देने की स्थिति में भी नहीं है। वह आईसूयी में उपचाराधीन है।

नौकरी की तलाश में एक साल पहले दिल्ली आई थी पीड़िता

पुलिस छानबीन में पता चला कि नर्सिंग कोर्स करने के बाद युवती करीब एक साल पहले ओडिशा से दिल्ली नौकरी की तलाश में आई थी। उसने दिल्ली आने के बारे में अपने स्वजन को भी नहीं बताया था।

उसके माता-पिता दो महीने पहले उसे लेने दिल्ली आए थे। तब वह कटवारिया सराय में रह रही थी। स्वजन ने उसे घर ले जाने का प्रयास किया, लेकिन उसने जाने से इनकार कर दिया।

एक महीने पहले खो गया था युवती का मोबाइल

एक महीने पहले युवती का मोबाइल फोन खो गया था। तब से वह अपने परिवार के भी संपर्क में नहीं थी। पैसे खत्म होने के बाद उसके पास रहने की जगह भी नहीं बची।

पुलिस के मुताबिक वह पिछले दो दिनों से सड़क पर रह रही थी। वह सीसीटीवी फुटेज में रात में घूमती नजर आई। एक फुटेज में वह एटीएम के पास सोती हुई दिखाई दे रही है।

पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपितों के बारे में सुराग लग सके।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें