भाजपा सांसद के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के आरोप में युवक गिरफ्तार
अलीगढ़ से भाजपा सांसद सतीश गौतम के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है।
नोएडा, जेएनएन। अलीगढ़ से भाजपा सांसद सतीश गौतम के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। युवक के खिलाफ सांसद के एक करीबी ने फेस-3 पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करायी थी।
दरअसल गिरफ्तार युवक का पत्नी के साछ विवाद चल रहा है। उसकी पत्नी सतीश गौतम के परिचित उद्यमी के यहां नौकरी करती है। उद्यमी पर युवक ने पत्नी को बहकाने का आरोप लगाया। इसी बात पर दोनों में बहस हो गई है। इसी दौरान युवक ने भाजपा सांसद के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की और उन्हें देख लेने की धमकी दी।
इस मामले में ऑडियो व शिकायत के आधार पर एनसीआर दर्ज कर आरोपित का चालान किया गया है। फेस तीन कोतवाली पुलिस ने बताया कि आरोपित सर्वेश कुमार सेक्टर-122 में रहता है। उसकी 10 साल पहले मूलरूप से मुंबई की रहने वाली युवती से शादी हुई थी। उनके दो बच्चे भी हैं। पिछले कुछ महीनों से दोनों के बीच विवाद चल रहा है। सर्वेश की पत्नी एक निजी कंपनी में नौकरी करती है। वह कंपनी की तरफ से ग्रेटर नोएडा स्थित जेपी ग्रींस में मिले फ्लैट दोनों बच्चों के साथ रहती हैं।
बीते 10 अप्रैल को सर्वेश ने स्कूल से बेटे को अपने साथ लेकर चला आया था। इस संबंध में उसकी पत्नी ने पुलिस से शिकायत की थी। इसके बाद उसने बेटे को अपनी पत्नी के पास भेज दिया था। कोतवाली के प्रभारी इंस्पेक्टर अखिलेश त्रिपाठी का कहना है कि दो दिन पहले दिनेश नामक व्यक्ति पुलिस को शिकायत दी थी कि सर्वेश ने उनसे फोन पर बात करने के दौरान उनके परिचित सांसद के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग किया है।
सांसद अलीगढ़ में रहते हैं और उनका उनके घर आना-जाना है। उनका कहना है कि सर्वेश ने अपने बेटे से बात कराने के लिए उन्हें कॉल की थी। उन्होंने उससे बात भी कराई। इसके बाद वह उनसे फोन पर बहस करने लगा। इंस्पेक्टर ने बताया कि उन्होंने लिखित शिकायत के साथ बातचीत की ऑडियो भी सीडी में कर पुलिस को दी है। पुलिस ने ऑडियो की जांच की है। जांच में पाया गया कि आरोपित ने सांसद के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग किया था। इसलिए एनसीआर दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार किया गया है।
कौन हैं सतीश गौतम?
सांसद सतीश कुमार गौतम (48) मूलरूप से गौंडा ब्लॉक क्षेत्र के गांव सढ़ा के रहने वाले हैं। यह हाथरस संसदीय क्षेत्र में आता है। वह नोएडा में राजनीति में सक्रिय रहे। नोएडा में उनका दूध का व्यवसाय है। उनका परिवार यहीं रहता है। राजनीतिक कैरियर भी गौतमबुद्ध नगर का ही रहा है। भाजपा में जिला मंत्री, जिला अध्यक्ष व्यापार प्रकोष्ठ के पद पर रह चुके हैं। 2014 में टिकट मिलने के बाद से अलीगढ़ से नाता जुड़ गया।