Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

दिल्ली के खेल प्रेमियों के लिए गुड न्यूज, एक मेंबरशिप पर ले सकेंगे सभी खेल परिसरों की सुविधा

दिल्ली के खेल प्रेमियों के लिए खुशखबरी है। अब एक ही मेंबरशिप पर सभी डीडीए खेल परिसरों की सुविधाओं का लाभ उठाया जा सकेगा। इस नए विकल्प से खेल प्रेमियों को अलग-अलग खेल परिसरों के लिए अलग-अलग सदस्यता लेने और शुल्क भरने की झंझट से मुक्ति मिलेगी। जल्द ही इस प्रस्ताव को बोर्ड बैठक में रखा जाएगा और मंजूरी मिलने के बाद इसे लागू कर दिया जाएगा।

By sanjeev Gupta Edited By: Abhishek Tiwari Updated: Tue, 17 Sep 2024 07:45 AM (IST)
Hero Image
सभी खेल परिसरों में उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाया सकेंगे। फाइल फोटो

संजीव गुप्ता, नई दिल्ली। दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के खेल परिसरों की सदस्यता लेने के लिए अब खेल प्रेमियों को भटकना नहीं पड़ेगा। एक ही जगह की सदस्यता से सभी खेल परिसरों में उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाया जा सकेगा। इस नए विकल्प के जल्द ही क्रियान्वित होने के आसार हैं।

गौरतलब है कि दिल्ली के अलग अलग इलाकों में डीडीए के 16 खेल परिसर हैं। सभी खेल परिसरों में ढेरों प्रकार की खेल सुविधाएं व कोचिंग उपलब्ध है। हाल फिलहाल इनमें करीब 53 हजार सदस्य हैं। हर सदस्य के साथ दो से तीन लोग आ सकते हैं।

सदस्यता नहीं करना पड़ेगा अलग से आवेदन

समस्या यह है कि अभी तक इन सभी खेल परिसरों की सदस्यता लेने के लिए अलग से आवेदन करना होता है और सदस्यता शुल्क भी अलग- अलग ही भरना होता है, लेकिन निकट भविष्य में इन सारे झंझटों से छुटकारा मिल जाएगा।

डीडीए अधिकारियों के मुताबिक सभी खेल परिसरों के लिए एकल सदस्यता विकल्प का प्रस्ताव तैयार किया गया है। मतलब, एक खेल परिसर की सदस्यता लेकर सभी खेल परिसरों की सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। इसमें गोल्फ कोर्स की सदस्यता शामिल नहीं होगी।

कुछ ज्यादा हो सकता है सदस्यता शुल्क

इतना अवश्य है कि एकल सदस्यता विकल्प चुनने पर सदस्यता शुल्क अपेक्षाकृत थोड़ा ज्यादा रहेगा। लेकिन अलग अलग खेल परिसरों की सदस्यता लेने एवं शुल्क भरने की तुलना में यह कहीं सस्ता और सुविधाजनक ही होगा।

डीडीए अधिकारियों ने बताया कि उक्त प्रस्ताव को जल्द ही बोर्ड बैठक में रखा जाएगा। इस दौरान डीडीए अध्यक्ष और एलजी वीके सक्सेना की मंजूरी मिलने की संभावना है। उनकी मंजूरी मिलने के बाद इसे क्रियान्वित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

खेल परिसरों की एकल सदस्यता के विकल्प का प्रस्ताव इसी माह के आखिर तक बोर्ड बैठक में रखा जा सकता है। एक बार मंजूरी मिल जाने के बाद इस पर आगे का काम शुरू हो जाएगा। इस विकल्प के बाद खेल प्रेमियों के लिए खेल परिसरों की सुविधाओं का लाभ उठा पाना कहीं सहज हो जाएगा।  -सुभाशीष पांडा, उपाध्यक्ष, डीडीए

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर