Move to Jagran APP

Delhi Heatwave: दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में लू से एक और मरीज की मौत; अब तक 30 लोगों की गई जान

दिल्ली में भीषण गर्मी और लू का कहर देखने को मिल रहा है। राजधानी के सफदरजंग अस्पताल में लू से एक और मरीज की मौत हो गई। अब तक लू से अस्पताल में 30 मरीजों की जान जा चुकी है। इसके अलावा अभी दस मरीज अभी वेंटिलेटर पर भर्ती हैं। पांच अन्य मरीज जनरल वार्ड में हैं। उनकी हालत स्थिर है।

By Ranbijay Kumar Singh Edited By: Abhishek Tiwari Published: Sun, 23 Jun 2024 12:32 PM (IST)Updated: Sun, 23 Jun 2024 01:03 PM (IST)
दिल्ली के अस्पताल में लू से पीड़ित मरीज।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। राजधानी में भीषण लू का दौर निकल चुका है। इसलिए अस्पतालों में लू से पीड़ित होकर अब मरीज नहीं पहुंच रहे हैं। उमस भरी गर्मी के कारण हीट एक्जर्शन से पीड़ित होकर एक-दो मरीज अस्पतालों में जरूर पहुंच रहे हैं, लेकिन अस्पतालों में पहले से लू लगने के कारण कई मरीज भर्ती है जो जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं।

इस बीच सफदरजंग अस्पताल में लू से पीड़ित एक और मरीज की मौत हो गई। इस वजह से सफदरजंग अस्पताल में लू के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 30 हो गई है।

सफदरजंग अस्पताल प्रशासन के अनुसार अस्पताल में एक महीने में लू से पीड़ित कुल 90 मरीज भर्ती कराए जा चुके हैं। जिसमें से 67 मरीज 16 जून के बाद भर्ती कराए गए।

पांच अन्य मरीज जनरल वार्ड में भर्ती

इस तरह करीब तीन चौथाई मरीज आठ दिन के अंदर अस्पताल में भर्ती हुए। मौजूदा समय में इस अस्पताल में लू से पीड़ित 15 मरीज भर्ती हैं। जिसमें से दस मरीज आइसीयू में वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं।

इस वजह से उन मरीजों की हालत गंभीर बनी हुई है। इसके अलावा पांच अन्य मरीज जनरल वार्ड में हैं। उनकी हालत स्थिर है। आरएमएल अस्पताल में भी लू से पीड़ित अभी कई मरीज भर्ती हैं।

आज कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के मुताबिक, आज रविवार को राजधानी में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत से दो डिग्री अधिक है।

विभाग ने कहा कि अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। सुबह 8.30 बजे आर्द्रता 67 प्रतिशत दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार और मंगलवार को गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।


This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.