Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

दिल्ली में भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल का मोबाइल छीना, पुलिस अधिकारियों में मची खलबली

Delhi Crime News दिल्ली के भीड़भाड़ वाले इलाके जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर चार के पास पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल का मोबाइल फोन छीना गया है। इस मामले के सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

By Jp YadavEdited By: Updated: Tue, 15 Mar 2022 07:42 AM (IST)
Hero Image
Delhi News: पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल का छीना मोबाइल फोन, सीसीटीवी में कैद हुई बदमाश की तस्वीर

नई दिल्ली [राकेश कुमार सिंह]। देश की राजधानी दिल्ली में झपटमारी बहुत बड़ी समस्या बनती जा रही है। दिल्ली का अतिसुरक्षित नई दिल्ली जिला हो अथवा कोई अन्य जिला कहीं भी कोई सुरक्षित नहीं है। सड़कों पर बढ़ रहे अपराध ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। ताजा मामले में पैदल आए एक बदमाश ने सोमवार शाम को जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर चार के पास पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल के हाथ से उनका मोबाइल फोन छीन लिया। वारदात के बाद बदमाश दौड़ते हुए मौके से भागने में सफल भी हो गया। कोतवाली थाना पुलिस ने विजय गोयल के पीएसओ की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।

वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री से जुड़ा मामला होने के कारण उक्त घटना को लेकर उत्तरी जिला पुलिस में खलबली मच गई। बदमाश को जल्द से जल्द पकड़ने व उससे झपटे गए मोबाइल फोन बरामद करने के लिए उत्तरी जिला पुलिस की कई टीमों को लगा दिया गया है। डीसीपी खुद रात तक मामले पर नजर बनाए हुए रहे।

जानकारी के मुताबिक पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल शाम को दरियागंज से सुभाष मार्ग होते हुए लाल किले की ओर आ रहे थे। करीब 6.45 बजे जब उनकी अर्टिगा कार मेट्रो स्टेशन जामा मस्जिद गेट नंबर-4 के पास पहुंची तभी नीली शर्ट और सफेद टोपी पहने एक बदमाश उनके पास आया और उनके हाथ से मोबाइल फोन मेक-सैमसंग गैलेक्सी-9 छीन लिया। जबतक वे कुछ समझ पाते बदमाश मौके से भागने में सफल हो गया। जिस समय घटना घटी उस दौरान उनकी कार सड़क किनारे खड़ी थी। कार का शीशा खुला था और विजय गोयल किसी से फोन पर बात कर रहे थे।

बदमाश के भागने पर पूर्व केंद्रीय मंत्री के निर्देश पर उनके सरकारी पीएसओ एएसआई सत्यवीर ने पीसीआर कॉल कर कंट्रोल रूम को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुच गई। पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर लिया। सूत्रों के मुताबिक, बदमाश की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है । फुटेज के आधार पुलिस बदमाश की पहचान कर उसे दबोचने में जुटी हुई है।

ज्ञात रहे अक्टूबर 2019 में बाइक सवार बदमाशों ने उत्तरी जिला के ही सिविल लाइंस इलाके में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भतीजी दमयंती मोदी का पर्स व मोबाइल झपट लिया था। घटना को लेकर दिल्ली पुलिस की भारी किरकिरी हुई थी। दिल्ली में बढ़ते झपटमारी के मामले को लेकर खूब सवाल खड़े हुए थे। आनन-फानन में पुलिस ने तुरंत आरोपितों को गिरफ्तार कर अपनी इज्जत बचाई थी।