Move to Jagran APP

हथियार तस्कर खजान सिंह गिरफ्तार, 25 साल से अपराध की दुनिया में था सक्रिय

खजान सिंह मध्य प्रदेश के खंडवा से हथियार लाकर उनकी आपूर्ति दिल्ली-एनसीआर में करता था। वह 10 हजार में खरीदे गए हथियार 20 से 25 हजार रुपये में बेचता था।

By Amit MishraEdited By: Updated: Wed, 28 Mar 2018 09:02 PM (IST)
Hero Image
हथियार तस्कर खजान सिंह गिरफ्तार, 25 साल से अपराध की दुनिया में था सक्रिय

नई दिल्ली [जेएनएन]। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने कुख्यात हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान उत्तर प्रदेश के मथुरा निवासी खजान सिंह के रूप में हुई है। तस्कर के पास से 15 स्वचालित पिस्टल, दो रिवॉल्वर और 10 मैग्जीन बरामद हुई हैं। खजान सिंह मध्य प्रदेश के खंडवा से हथियार लाकर उनकी आपूर्ति दिल्ली-एनसीआर के बदमाशों के बीच करता था। वह 10 हजार में खरीदे गए हथियार 20 से 25 हजार रुपये में बेचता था। आरोपी पर पहले से ही 12 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस गिरोह के छह अन्य सदस्यों को पहले ही गिरफ्तार कर सौ से ज्यादा पिस्टल और मैग्जीन बरामद कर चुकी है।

दूसरे राज्यों से लाते थे हथियार  

स्पेशल सेल के पुलिस उपायुक्त पीएस कुशवाहा ने बताया कि अवैध हथियारों की तस्करी पर रोकथाम के लिए अभियान चल रहा है। यही कारण है कि गत एक वर्ष में कई तस्कर दबोचे जाने के साथ ही उनके पास से 600 से ज्यादा अवैध हथियार बरामद किए जा चुके हैं। तस्कर मुख्य रूप से मध्य प्रदेश के बुरहानपुर, खंडवा और बिहार के मुंगेर से हथियार लाकर दिल्ली-एनसीआर में आपूर्ति करते हैं।

25 साल से अपराध की दुनिया में है

पुलिस तस्करों की सक्रियता पर नजर रख रही थी। इसी बीच एक कुख्यात हथियार तस्कर के दिल्ली आने का पता चला। जानकारी जुटाने के बाद इंस्पेक्टर शिव कुमार की टीम ने 25 मार्च को आश्रम चौक के पास से खजान सिंह को दबोच लिया। पूछताछ में उसने बताया कि दो साल में वह दिल्ली-एनसीआर में करीब 700 हथियारों की आपूर्ति कर चुका है। वह 25 साल से अपराध की दुनिया में है। उस पर हत्या, हत्या का प्रयास, लूटपाट और आर्म्स एक्ट के तहत 12 मुकदमे दर्ज हैं। वह मथुरा के सुरिर थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है। 

यह भी पढ़ें: पश्चिमी उत्‍तर प्रदेश में नक्‍सलियों की आहट, जड़ जमाने की फिराक में 'लाल आतंक'

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।