Move to Jagran APP

रामलीला मैदान में भाजपा सियासत की खिचड़ी के सहारे जुटाएगी जनाधार, बनेगा वर्ल्‍ड रिकॉर्ड

महासम्मेलन में समरसता खिचड़ी पकेगी जिसके लिए अनुसूचित जाति से संबंधित तीन लाख परिवारों से चावल, दाल आदि इकट्ठे करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

By Edited By: Updated: Tue, 01 Jan 2019 09:48 PM (IST)
Hero Image
रामलीला मैदान में भाजपा सियासत की खिचड़ी के सहारे जुटाएगी जनाधार, बनेगा वर्ल्‍ड रिकॉर्ड

नई दिल्ली, जेएनएन। सुस्वादु व सुपाच्य खिचड़ी के सहारे भाजपा अपना सियासी जनाधार बढ़ाने की जुगत में लगी हुई है। इसके लिए भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर चावल, दाल, नमक व अन्य सामग्री इकट्ठा कर रहे हैं, इससे इस रविवार को ऐतिहासिक रामलीला मैदान में पांच हजार किलो खिचड़ी पकेगी। पूरी खिचड़ी एक ही पात्र में पकेगी और समरसता रैली में शामिल लोग इसे ग्रहण करेंगे।

भाजपा नेता दावा कर रहे हैं यह विश्व रिकार्ड होगा, क्योंकि पहली बार इतनी मात्रा में खिचड़ी पकेगी। दिल्ली में अनुसूचित जाति के बीच कमजोर जनाधार भाजपा के लिए हमेशा चिंता की बात रही है। इसे मजबूत करने के लिए भाजपा लगातार प्रयास करती रही है।

पिछले लोकसभा व विधानसभा चुनाव के समय दूसरे दलों से कई अनुसूचित जाति के नेता भी भाजपा में शामिल हुए थे। वहीं, छह जनवरी को भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की ओर से रामलीला मैदान में भीम महासम्मेलन आयोजित हो रहा है जिसे भाजपा अध्यक्ष अमित शाह संबोधित करेंगे।

महासम्मेलन में समरसता खिचड़ी पकेगी जिसके लिए अनुसूचित जाति से संबंधित तीन लाख परिवारों से चावल, दाल आदि इकट्ठे करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल गिहारा का कहना है कि लगभग दो लाख परिवारों से संपर्क किया जा चुका है।

अगले कुछ दिनों में एक लाख अन्य परिवारों के घर कार्यकर्ता पहुंचकर उनसे खिचड़ी की सामग्री लेकर उन्हें भीम महासम्मेलन में आने के लिए निमंत्रण देंगे। इसमें 26 हजार कार्यकर्ता लगे हुए हैं। गिहारा ने कहा कि नागपुर से शेफ विष्णु मनोहर को भीम महासम्मेलन में खिचड़ी बनाने के लिए आमंत्रित किया गया है।

वे नागपुर में कुछ महीने पहले तीन हजार किलो खिचड़ी बनाने का रिकॉर्ड बना चुके हैं। वह अपनी टीम के साथ 20 फीट व्यास वाले और छह फीट गहरे बर्तन में खिचड़ी बनाएंगे। यह विश्व रिकार्ड होगा, क्योंकि इससे पहले नवंबर 2017 में दिल्ली के इंडिया गेट पर खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय के सहयोग से लगे व‌र्ल्ड फूड फेस्टिवल में शेफ संजीव कपूर ने 918.8 किलो खिचड़ी बनाकर यह रिकॉर्ड बनाया था।

भाजपा नेताओं का कहना है कि घर-घर कार्यकर्ताओं के जाने से अनुसूचित जाति के लोगों को पार्टी के साथ जोड़ने में मदद मिल रही है। उन्हें नरेंद्र मोदी सरकार की नीतियों व जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। कार्यकर्ता लोगों को बता रहे हैं कि केंद्र सरकार ने अनुसूचित जाति व गरीबों के जीवन स्तर को उठाने के लिए किस तरह से काम कर रही है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।