Move to Jagran APP

अमर सिंह की अंतिम यात्रा में मौजूद रहीं उनकी राजनीतिक सहयोगी जयाप्रदा, किया भावुक ट्वीट

दिल्ली में अंतिम संस्कार के दौरान भी जयाप्रदा खड़ी रहीं। अमर सिंह को पुष्पांजलि देते समय उनके चेहरे पर आए दुख के भाव को साफ देखा जा सकता था।

By JP YadavEdited By: Updated: Tue, 04 Aug 2020 08:58 AM (IST)
Hero Image
अमर सिंह की अंतिम यात्रा में मौजूद रहीं उनकी राजनीतिक सहयोगी जयाप्रदा, किया भावुक ट्वीट
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। राज्यसभा सदस्य व पूर्व सपा नेता अमर सिंह का सोमवार को छतरपुर स्थित श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया गया। कोरोना संकट के चलते अंतिम संस्कार में सीमित संख्या में ही लोग शामिल हुए। अमर सिंह की अंतिम यात्रा के दौरान उनकी बेटियां दिशा और दृष्टि उनके साथ रहीं। दोनों बेटियों ने एक साथ मिलकर पिंडदान किया और उन्हें मुखाग्नि दी। इस दौरान सभी लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। वहीं, 20 साल से अमर सिंह के साथ रहे सुरक्षाकर्मी ने बताया कि वह अपनी बेटियों से बेहद प्रेम करते थे। बेटियों ने भी अपना कर्तव्य पूरा किया।

अमर सिंह की अंतिम यात्रा में उनकी राजनीतिक सहयोगी जयाप्रदा साथ रहीं। अंतिम संस्कार के दौरान भी जयाप्रदा खड़ी रहीं। अमर सिंह को पुष्पांजलि देते समय उनके चेहरे पर आए दुख के भाव को साफ देखा जा सकता था। इस बीच जया प्रदा ने सोशल मीडिया पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी- 'राज्यसभा सांसद अमर सिंह जी के निधन की खबर सुनते ही मुझे गहरा दुख पहुंचा है। ठाकुर अमर सिंह एक राजनेता के साथ-साथ सामाजिक व्यक्ति थे, वह दूसरों के दुख को अपना दुख समझते थे। भारतीय राजनीति में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसकी पूर्ति कोई नहीं कर सकता है। अमर सिंह साहब मेरे राजनीतिक मार्गदर्शक एवं गॉडफादर थे, मेरे दुख की घड़ी में हर पल उन्होंने मेरा साथ दिया। हमेशा समाज की सेवा करने के लिए मुझे प्रेरित किया। आज मैं राजनीति में उन्हीं की वजह से जीवित हूं। अमर सिंह साहब आज हमारे बीच में नहीं रहे। यह जानकर मुझे यकीन नहीं होता है। मुझे विश्वास नहीं हो पा रहा है कि वह हमें छोड़ कर कैसे जा सकते हैं। मैं बहुत दुख और तकलीफ में हूं। मेरे पास शब्द नहीं है। मैं भगवान से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करती हूं। मैं दुख की इस घड़ी में उनके परिवार के साथ हूं। ईश्वर हमें इस दुख को सहन करने की शक्ति दे।'

वहीं, अंतिम यात्रा के दौरान अमर सिंह के विश्वस्त सहयोगी भी शोकाकुल नजर आए। अमर सिंह की पत्नी और परिवार के अन्य सदस्य भी उनकी अंतिम यात्रा में पहुंचे।

इस दौरान केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य ¨सधिया और अभिनेत्री एवं राजनेता जयाप्रदा अमर सिंह को श्रद्धांजलि देने पहुंचीं। अमर सिंह की दोनों बेटियां दिशा और दृष्टि ने पिंडदान किया और मुखाग्नि दी। अमर सिंह पिछले छह माह से सिंगापुर के एक अस्पताल में अपना इलाज करवा रहे थे जहां शनिवार को उनका निधन हो गया। रविवार को विशेष विमान से उनका शव छतरपुर स्थित उनके आवास पर लाया गया। सोमवार सुबह उनकी शवयात्रा फूलों से सुसज्जित वाहन से छतरपुर के श्मशान घाट पहुंची। इससे पहले केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया ने उनके आवास पर उन्हें श्रद्धांजलि दी और परिवार को सांत्वना दी। कोरोना संकट के चलते अमर सिंह के स्वजनों और घनिष्ठ मित्रों के अलावा बहुत कम संख्या में लोग शव यात्रा में शामिल हुए। 

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।