Move to Jagran APP

देखो राम आए हैं... : राम ने बुलाया तो सगाई छोड़ पहुंचे अयोध्या, फिर जेल में बिताए 15 दिन

Ram Mandir News 24 अक्टूबर 1990 को टोली के साथ कारसेवा के लिए अवध असम एक्सप्रेस से अयोध्या के लिए कूच कर गए। यह कहानी है भाजपा के यमुना विहार मंडल के पूर्व महामंत्री भजनपुरा निवासी रोहताश कश्यप की। बकौल कश्‍यप उस समय उत्तर प्रदेश में मुलायम सिंह यादव की सरकार थी। सख्‍ती ऐसी की परिंदा भी पर नहीं मार सके।

By Ashish Gupta Edited By: Abhishek Tiwari Updated: Thu, 11 Jan 2024 03:47 PM (IST)
Hero Image
देखो राम आए हैं... : राम ने बुलाया तो सगाई छोड़ पहुंचे अयोध्या, फिर जेल में बिताए 15 दिन

आशीष गुप्ता, पूर्वी दिल्ली। अक्‍टूबर 1990 में सगाई तय थी। परिवार का पूरा दबाव था। उसी दरमियानं विश्‍व हिंदू परिषद ने अयोध्‍या जी में कारसेवा के लिए समय निर्धारित कर दिया। फिर भला एक रामभक्‍त के लिए जीवन एक नई शुरुआत से पहले ईश्‍वर के चरणों में सच्‍ची सेवा की आहूति जरूरी थी।

उस समय थी मुलायम सरकार

दोनों परिवारों में चिंतन हुआ और मेरी रामभक्ति के आगे तय हुआ कि पहले कारसेवा बाद में गृहस्‍थ सेवा। 24 अक्टूबर 1990 को टोली के साथ कारसेवा के लिए अवध असम एक्सप्रेस से अयोध्या के लिए कूच कर गए।

यह कहानी है भाजपा के यमुना विहार मंडल के पूर्व महामंत्री भजनपुरा निवासी रोहताश कश्यप की। बकौल कश्‍यप उस समय उत्तर प्रदेश में मुलायम सिंह यादव की सरकार थी।

सख्‍ती ऐसी की परिंदा भी पर नहीं मार सके। हम भी बराती का वेश बनाकर पूरी टोली के साथ ट्रेन में बैठ गए। कई स्टेशनों पर मजिस्ट्रेट ने पुलिस के साथ मिलकर हमें उतारा और जांच की, लेकिन, मजिस्ट्रेट को यह आश्वस्त करके आगे बढ़ते रहे कि सभी लोग अलग-अलग कारणों से यात्रा कर रहे हैं।

तय योजना अनुसार हरदोई स्‍टेशन पर ट्रेन बदलनी थी। यहां भी चेकिंग हुई, हमने आश्‍वस्‍त करा दिया कि कारसेवक नहीं हैं। लेकिन ट्रेन का इंतजार लंबा रहा, तभी टोली के एक कार्यकर्ता ने जय श्रीराम का जयकारा लगा दिया, फिर क्‍या था सरकारी अमला चौकन्‍ना हो गया। पूरी टोली की गिरफ्तारी हो गई।

कार्यकर्ताओं ने जेल में मचा दिया हल्ला 

हरदोई से 25 अक्टूबर को सीतापुर जेल भेज दिया गया। दो दिन बाद ही प्रताड़ना के विरोध में कार्यकर्ताओं ने जेल में हल्ला मचा दिया।

जेल के मुख्य दरवाजे के ताले तोड़ कर कारसेवक खेतों में करीब पांच किलोमीटर तक भाग निकले। पुलिस ने भी घेरेबंदी की और बंदूकें तान दीं। पीएसी आई तो उसने पुलिसकर्मियों की बंदूकें नीचे कराईं और हमें वापस जेल की ओर लाया गया।

जेल की प्रताड़ना 

यह पहले से निर्धारित था कि जो कार्यकर्ता अयोध्या पहुंच जाए वह वहां कारसेवा करे और जो न पहुंच पाए वह जहां हो वहीं से कारसेवा करे।

रोहताश बताते हैं कि हम लोग जेल में थे और वहीं छोटा सा मंदिर बना कर सांकेतिक कारसेवा शुरू कर दी। जेलर भी चिढ बैठा, उसने खूंखार कैदियों को कारसेवकों के विरुद्ध भड़काया उनसे पिटवाया। इससे कई कारसेवकों को गंभीर चोटें आईं और कुछ को फ्रैक्चर भी हो गया।

ये बात बाहर मालूम हुई तो लोगों ने जेल प्रशासन के विरोध में जेल के दरवाजे पर नारेबाजी की और सीतापुर में जगह-जगह जाम लगा दिया। बाद में प्रशासन को झुकना पड़ा। उसी दौरान अयोध्या में भीषण गोलीकांड हुआ, जिसमे काफी कारसेवक बलिदानी हुए। इसके लिए जेल में सभी कारसेवकों ने उपवास रखा।

मेरे होने वाले ससुर जी और मेरी बड़ी बहन मिलने सीतापुर जेल पहुंच थे। पंद्रह दिन जेल में बिताने के बाद आठ नवंबर को रिहाई हुई, तब जेलर केएन रावत ने बाकी सब के साथ मुझे रिहाई का प्रमाण पत्र दिया था। कश्यप बताते हैं कि दिल्ली वापस आने पर मेरे पिता ने मेरे ससुर से बात की।

22 दिसंबर 1990 को हुई सगाई

22 दिसंबर 1990 को मेरी सगाई संगीता शर्मा से हुई। 17 फरवरी 1991 को विवाह हुआ था। विवाह के बाद भी अयोध्‍या जी का संघर्ष थमा नहीं था। नवंबर 1991 में अयोध्या में संघर्ष हुआ था, जिसमें ढांचे पर भगवा फहराया था।

1992 में ढांचा विध्वंस के बाद ईंट लेकर लौटे 

वर्ष 1992 में बजरंग दल के आह्वान पर तीन दिसंबर को साथियों के साथ अयोध्या की तरफ बढ़े। कश्यप बताते हैं कि छह दिसंबर का वो दिन मुझे आज भी गौरावान्वित करता है, जब साथियों के साथ ढांचे के किनारे वाले गुंबद पर चढ़ गया था।

उस समय करावल नगर क्षेत्र की एक कार्यकर्ता मंजू त्यागी (ये बाद में पार्षद में बनीं) बीच वाले गुंबद पर चढ़ी हुई थीं। मैंने उनसे कहा कि मुझे हाथ दो ताकि मैं भी बीच वाले गुंबद पर आ जाऊं। उन्होंने मुझे हाथ दिया और मैं पहले वाले गुंबद को छोड़ दूसरे पर चढ़ गया।

प्रभु की कृपा से बची जान

थोड़ी देर में देखा कि जिस गुंबद पर पहले चढ़ा हुआ था, वह भरभराकर ढह गया। मैंने प्रभु श्रीराम और मंजू त्यागी का धन्यवाद किया। यदि प्रभु की कृपा न होती और मंजू मुझे न खींचतीं तो शायद मैं भी बलिदान हो गया होता। इसके बाद अपना स्‍वेटर उतारा और वहां से दो ईंटें उसमें रख लीं।

ईंटें उठाकर ले जाने की लग गई थी होड़

दूसरों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित किया कि वह भी यहां से मलबा उठाकर ले जाना शुरू करें, तभी यहां ढांचे का नामोंनिशान खत्म होगा। उसके बाद वहां पर ईंटें उठाकर ले जाने की होड़ लग गई।

बकौल कश्‍यप उनमें एक ईंट आज भी मेरे पास है। 22 जनवरी को रामलला अयोध्या में बने श्रीराम मंदिर में विराजमान हो जाएंगे, उस दिन जीवन सफल हो जाएगा। जीवन में जो प्रण लेकर तपस्या की, उसका प्रतिफल मिलते देख सुखद अनुभूति हो रही है। जय श्रीराम।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।