Delhi Politics: दिल्ली भाजपा की नई टीम में सबका रखा गया है ध्यान
Delhi Politics राजधानी दिल्ली में वैश्य समाज व पंजाबी भाजपा के पुराने समर्थक माने जाते हैं लेकिन हाल के वर्षों में इनके बीच पार्टी की पकड़ कुछ कमजोर हुई है। विधानसभा चुनाव में भी इसका असर दिखा है।
नई दिल्ली [संतोष कुमार सिंह]। दिल्ली भाजपा की टीम घोषित करने में जातीय व क्षेत्रीय समीकरण का पूरा ध्यान रखा गया है। परंपरागत वोट बैंक का खयाल रखने के साथ ही अन्य वर्गों में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश की गई है। दिल्ली में वैश्य समाज व पंजाबी भाजपा के पुराने समर्थक माने जाते हैं, लेकिन हाल के वर्षों में इनके बीच पार्टी की पकड़ कुछ कमजोर हुई है। विधानसभा चुनाव में भी इसका असर दिखा है। इससे पार्टी नेतृत्व की भी चिंता बढ़ी है। इसकी झलक संगठनात्मक फेरबदल में भी दिख रही है। भाजपा नेताओं का मानना है कि पिछले कुछ वर्षों में पार्टी ने पूर्वांचल व अनुसूचित जाति के बीच अपनी पकड़ कुछ मजबूत की है, लेकिन इसका बहुत ज्यादा लाभ नहीं मिल रहा है। इसका सबसे बड़ा कारण भाजपा के परंपरागत समर्थक वैश्य व पंजाबी का आम आदमी पार्टी की ओर जाना है।
यही कारण है कि विधानसभा चुनाव में इन वर्गों के दबदबे वाली सीटों पर भी पार्टी का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है। इसे ध्यान में रखकर पार्टी ने जिलों और प्रदेश में इन वर्गों के नेताओं को आगे बढ़ाने का फैसला किया है। तीन जिलों की कमान पंजाबियों को और दो की वैश्य समाज को दी गई है। प्रदेश की टीम में भी इन्हें महत्व मिला है। वैश्य समाज को साधने के लिए प्रदेश की कमान आदेश गुप्ता को दी गई है। इसे ध्यान में रखकर वैश्य से ज्यादा पंजाबियों को इनकी टीम में जिम्मेदारी मिली है। तीन में से महामंत्रियों में से एक और आठ उपाध्यक्ष में से दो पंजाबी हैं। हर्ष मल्होत्रा महामंत्री, राजीव बब्बर व वीरेंद्र सचदेवा उपाध्यक्ष और इम्प्रीत सिंह बख्शी मंत्री बनाए गए हैं। गिरीश सचदेवा फिर से कार्यालय मंत्री की जिम्मेदारी संभालेंगे। वहीं, हरीश खुराना, प्रवीण शंकर कपूर व तजिंदर पाल सिंह बग्गा को प्रवक्ता के पद पर बरकरार रखा गया है।
वहीं, वैश्य समाज से आने वाले अशोक गोयल देवराहा को उपाध्यक्ष, संतोष गोयल को मंत्री, सतीश गर्ग को प्रवक्ता और नवीन कुमार को मीडिया प्रभारी बनाया गया है। विष्णु मित्तल को फिर से कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। दिनेश प्रताप सिंह को महामंत्री और विधायक अभय वर्मा को मुख्य प्रवक्ता बनाकर पूर्वांचलियों को भी साधने की कोशिश की गई है।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो