Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Delhi Rain: थोड़ी देर की बारिश में जलमग्न हुईं यमुनापार की सड़कें, काम पर जाना लोगों के लिए मुश्किल

लोगों का कहना है कि वर्षा के चार से पांच घंटों बाद तक भी सड़कों से जलभराव कम नहीं हुआ था। थोड़ी-सी वर्षा होने पर ही यमुनापार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों व नेताओं की पोल खुल जाती है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय से नालों की सफाई हो जाया करे तो प्रतिवर्ष जलभराव की समस्या से न जूझना पड़े।

By Nikhil Pathak Edited By: Sonu Suman Updated: Sat, 13 Jul 2024 08:33 PM (IST)
Hero Image
दिल्ली में हल्की बारिश के बाद यमुना पार की सड़कें हुई जलमग्न।

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। यमुनापार में शनिवार सुबह हुई वर्षा से सड़कें जलमग्न हो गईं। सुबह-सुबह वर्षा से हुए जलभराव की वजह से लोगों का काम पर जाना मुश्किल हो गया। लोनी रोड, यमुना विहार रोड, एनएच-नौ की सर्विस रोड, पांडव नगर के नजदीक अंडरपास समेत कई इलाकों में जलभराव की समस्या लोगों के लिए मुसीबत बन गई थी।

लोगों का कहना है कि वर्षा के चार से पांच घंटों बाद तक भी सड़कों से जलभराव कम नहीं हुआ था। थोड़ी-सी वर्षा होने पर ही यमुनापार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों व नेताओं की पोल खुल जाती है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय से नालों की सफाई हो जाया करे, तो प्रतिवर्ष जलभराव की समस्या से न जूझना पड़े।

नाले से निकाली गई गाद भी सड़क फैल गई

लोनी रोड पर सड़क के दोनों ओर सुबह-सुबह घुटनों तक जलभराव हो गया था। सड़क से सटे डीडीए के पार्क में भी पानी भर गया था। वहीं एनएच-नौ की सर्विस रोड पर विनोद नगर के पास जलभराव होने से वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। नाले से सफाई के दौरान निकाली गई गाद भी सड़क पर फैल गई थी।

यमुना विहार निवासी अंशुमान का कहना है कि वर्षा के भरे हुए पानी के साथ बीमारियां भी घर आती हैं। इस मौसम में डेंगू और मलेरिया होने का काफी खतरा रहता है। विनोद नगर निवासी पंकज त्यागी का कहना था कि साल में जब भी वर्षा होती है, एनएच-नौ की सर्विस रोड पर जलभराव होना तय है।

लोगों की प्रतिक्रिया

लोनी रोड पर सुबह साढ़े पांच के बाद से ही घुटनों तक पानी भर गया था। अमर कालोनी में घर से खजूरी काम पर जाना दूभर हो गया। - फूलवती देवी

हर साल वर्षा के दिनों में सड़कों का यही हाल हो जाता है। समय से नालों की सफाई हो जाए तो पानी आसानी से निकल सकता है। - रामपाल

सुबह-सुबह वर्षा होने से जलभराव के कारण ऑफिस पहुंचने में देर होती है। कई घंटों बाद तक सड़क से पानी कम नहीं होता। - दीपू पाठक

मैं कथा करने एक सज्जन के घर जा रहा हूं। वर्षा के दूषित पानी में ही गंदा हो गया। संबंधित विभागों को समय से काम करना चाहिए। - रामानंद झा

इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि लोनी रोड व अन्य सड़कों पर नालों की वर्षा से पहले सफाई करा दी गई थी। स्थानीय लोगों को भी घर व आसपास का कूड़ा नाले में नहीं डालना चाहिए। अन्यथा वर्षा के दिनों में उन्हें ही दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। लोनी रोड के नजदीक पंप हाउस भी है, जिससे कुछ देर में ही पानी निकाल दिया जाता है।

यह भी पढ़ें- Delhi Rain: दिल्ली NCR में मौसम ने ली करवट, कहीं हल्की तो कहीं झमाझम बारिश