Move to Jagran APP

अपनी शान दिखाने के चक्कर में इतनी बड़ी गलती कर गया लूटेरा

खजूरी खास इलाके में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से सवारियों के साथ लूटपाट करने वाले गिरोह को पकड़ा है। पुलिस ने इस गिरोह के सरगना को दबोच लिया है।

By Pooja SinghEdited By: Updated: Sat, 26 Oct 2019 12:50 PM (IST)
Hero Image
अपनी शान दिखाने के चक्कर में इतनी बड़ी गलती कर गया लूटेरा
नई दिल्ली, जेएनएन। खजूरी खास इलाके में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से सवारियों के साथ लूटपाट करने वाले गिरोह को पकड़ा है। पुलिस ने इस गिरोह के सरगना को दबोच लिया है। इसके तीन सदस्य अभी फरार हैं। पकड़े गए आरोपित की पहचान मुहम्मद अमजद (34) के रूप में हुई है। इस गिरोह ने गत 22 अक्टूबर को एक महिला के पास से तीन लाख रुपये और मोबाइल उड़ा लिए थे। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपित ने अपने ऑटो के पीछे एक नाम लिखा हुआ था। इसके आधार पर वह शिकंजे में आ गया। पुलिस उससे पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और सामान की बरामदगी की कोशिश कर रही है।

पुलिस उपायुक्त वेद प्रकाश सूर्या ने बताया कि सरस्वती नाम की महिला के तीन लाख रुपये बदमाशों ने उड़ाए थे। सरस्वती अंकुर विहार, लोनी में रहती हैं। गत 22 अक्टूबर को खजूरी में बैंक से तीन लाख रुपये निकालकर वह घर जाने के लिए ऑटो में बैठी थीं। ऑटो में कुछ अन्य सवारियां भी थीं। चालक ने ऑटो खराब होने का बहाना कर रास्ते में ही सरस्वती को उतार दिया। इसी दौरान उनका बैग भी आरोपित लेकर फरार हो गया। बैग में नकदी और मोबाइल थे। शिकायत मिलने पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।

इसके लिए थाना प्रभारी पवन कुमार की देखरेख में हेड कांस्टेबल अवनीश, अनिल, कांस्टेबल राहुल और सचिन की टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो उसमें ऑटो नजर आ गया। इसके पीछेगोलू चौधरी नाम लिखा हुआ था। पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय किया तो पता चला कि ऐसा ऑटो अक्सर यमुनापार इलाके में दिखता है। जांच में पता चला कि उक्त ऑटो बाबरपुर में रहने वाले अमजद का है। इस पर पुलिस ने आरोपित को धर-दबोचा। उसके पास से कट्टा भी बरामद हुआ है। अमजद ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ वारदात को अंजाम देता था। आरोपित पहले भी नोएडा और गाजियाबाद में गिरफ्तार हो चुका है।


दिल्ली-NCR की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।