Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

दिल्लीवासी ध्यान दें! 2 माह तक झेलनी पड़ेगी परेशानी, ट्रैफिक पुलिस को जारी करनी पड़ी एडवायजरी

Sarita Vihar Flyover Closed दिल्ली से फरीदाबाद जाने वाले लोगों को अगले दो महीने के लिए परेशानी झेलनी पड़ सकती है। मथुरा मार्ग पर सरिता विहार फ्लाईओवर की मरम्मत का कार्य किया जाना है। यह मरम्मत कार्य दो महीने में चार चरणों में किया जाएगा। इसके लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवायजरी जारी की है। पढ़िए क्या-क्या वैकल्पि मार्ग इस्तेमाल कर सकते हैं।

By Jagran News Edited By: Kapil Kumar Updated: Fri, 27 Sep 2024 01:44 PM (IST)
Hero Image
दिल्ली में मथुरा मार्ग पर सरिता विहार फ्लाईओवर का दो महीने तक मरम्मत का कार्य चलेगा। फाइल फोटो

शनि पाथौली, दक्षिणी दिल्ली। दिल्ली में मथुरा मार्ग पर सरिता विहार फ्लाईओवर Sarita Vihar Flyover की मरम्मत का काम एक अक्टूबर से शुरू हो जाएगा। इसके लिए यातायात पुलिस ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) PWD को अनुमति दे दी है। काम शुरू होने से दिल्ली से फरीदाबाद Faridabad जाने वाले वाहन चालकों की परेशानी बढ़ सकती है। हालांकि, पुलिस ने वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने के लिए एडवाइजरी जारी कर दी है। पहले और दूसरे चरण में काम एक से 30 अक्टूबर तक होगा।

पीडब्ल्यूडी भी अपनी एडवाइजरी तैयार कर प्रकाशन के लिए दिल्ली सूचना एवं प्रचार विभाग को भेजेगा। पुलिस ने दिशानिर्देश से संबंधित बैनर भी बनवा लिए हैं। इन्हें शुक्रवार को मथुरा रोड पर जगह-जगह लगा दिया जाएगा, ताकि इस रोड से गुजरने वाले वाहन चालकों को मरम्मत कार्य के बारे में पता चल सके। मथुरा रोड से प्रतिदिन एक लाख से ज्यादा वाहनों की आवाजाही होती है।

दो महीने तक चार चरण में होना है मरम्मत कार्य

यह फ्लाईओवर एनसीआर के नोएडा और फरीदाबाद क्षेत्रों को दक्षिण-पूर्वी दिल्ली और बदरपुर से जोड़ता है। इसकी मरम्मत का काम दो महीने की अवधि में चार चरण में पूरा किया जाएगा। एक चरण में 15 दिन होंगे। इसके तहत सबसे पहले 30 दिनों तक आश्रम से बदरपुर जाने वाले फ्लाईओवर की मरम्मत का काम किया जाएगा।

इसके बाद तीसरे और चौथे चरण का काम बदरपुर से आश्रम की तरफ आने वाले फ्लाईओवर पर किया जाएगा। इससे एक समय पर पूरा फ्लाईओवर बंद नहीं होगा।

फ्लाईओवर पर बनाए जाएंगे दो कट

वहीं, यातायात को सुचारू रखने के लिए आश्रम से फरीदाबाद जाने वाले मार्ग पर फ्लाईओवर के शुरू और खत्म होने पर कट बनाया जाएगा। इससे शाम को आश्रम से आने वाले ट्रैफिक की एक लेन फरीदाबाद से आने वाले मार्ग के फ्लाईओवर पर चल सकेगी।

यह भी पढ़ें- Delhi Assembly Session: सदन में पहुंचीं सीएम आतिशी, धन्यवाद प्रस्ताव पारित; पढ़ें कौन क्या बोला?

फ्लाईओवर के एक्सपेंशन ज्वाइंट को बदला जाएगा

इस फ्लाईओवर का निर्माण दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने 2001 में कराया था। मरम्मत कार्य में फ्लाईओवर के सात एक्सपेंशन ज्वाइंट बदले जाएंगे। बेयरिंग और सतह की मरम्मत भी की जाएगी। इसकी मरम्मत पिछले दो साल से लंबित है, जिसे अप्रैल 2022 में तत्कालीन पीडब्ल्यूडी मंत्री मनीष सिसोदिया ने मंजूरी दी थी।

यह भी पढ़ें- Weather: पहाड़ों से मैदानी इलाकों तक मानसून अभी भी सक्रिय, बिहार और बंगाल में भारी बारिश का अलर्ट

पहले और दूसरे चरण के लिए यातायात पुलिस की एडवाइजारी

दक्षिणी जिला यातायात पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि पहले चरण में एक से 30 अक्टूबर तक अवधि में आश्रम से बदरपुर तक फ्लाईओवर के कैरिज-वे का आधा हिस्सा यातायात के लिए बंद रहेगा। जबकि कैरिज-वे का दूसरा आधा हिस्सा 24 घंटे यातायात के लिए खुला रहेगा। बदरपुर से आश्रम तक जाने वाला दूसरा कैरिज-वे यातायात के लिए पूरी तरह खुला रहेगा।

  • रेलवे स्टेशन, हवाई अड्डे, अस्पताल आदि जाने वाले यात्री अपने प्रस्थान की योजना पहले से बना लें और भीड़भाड़ और देरी से बचने के लिए वैकल्पिक मार्ग का चयन करें।
  • मथुरा रोड पर आश्रम से बदरपुर और फरीदाबाद जाने वाले वाहन चालक सरिता विहार फ्लाईओवर के स्लिप रोड से रोड नंबर 13-ए पर पहुंचे। फिर यहां से यू-टर्न लेकर मथुरा रोड पर पहुंचें और अपने अंतिम गंतव्य तक पहुंचे।
  • आश्रम से आने वाले और मथुरा रोड के रास्ते नोएडा जाने वाले यात्री अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए आश्रम चौक से डीएनडी फ्लाईवे का प्रयोग करें।
  • एम्स, मूलचंद, लाजपत नगर और पश्चिमी दिल्ली से फरीदाबाद की ओर जाने वाले यात्री अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लाला लाजपत राय मार्ग, आउटर रिंग रोड, मां आनंदमयी मार्ग और एमबी रोड का इस्तेमाल करें।

बार-बार अटकता रहा फ्लाईओवर का काम

  • फ्लाईओवर की मरम्मत का काम इससे पहले मई, जून और जुलाई, अगस्त में निर्धारित किया गया था और तब से इसे कई बार स्थगित कर दिया गया है।
  • मई में लोकसभा चुनाव के चलते इसे टाल दिया गया था।
  • जून में यातायात पुलिस ने अनुमति देने के बाद भी इस फ्लाईओवर की मरम्मत का काम इसलिए रुकवा दिया था, चूंकि पीडब्ल्यूडी ने एडवाइजरी जारी नहीं की थी।
  • जुलाई में एडवाइजरी जारी की गई तो कांवड़ यात्रा के चलते तब काम शुरू नहीं हो सका था।
  • अगस्त में मानसून की वजह से काम शुरू नहीं हो सका था, चूंकि वर्षा से सरिता विहार अंडरपास में पानी भर जाता है।
लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें