Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

दिल्ली में सितंबर में हुई रिकॉर्ड बारिश, गत तीन वर्षों में गर्मी से मिली सबसे अधिक राहत; प्रदूषण में भी आई कमी

सितंबर के महीने में दिल्लीवासियों को तीन सालों में सबसे ज्यादा गर्मी से राहत मिली है। इस बार बारिश भी अच्छी हुई है जिससे प्रदूषण से भी राहत मिली है। इस महीने में सिर्फ एक दिन को छोड़कर बाकी दिन हवा की गुणवत्ता संतोषजनक या मध्यम श्रेणी में रही है। वहीं इस सप्ताह मानसून भी दिल्ली से विदा हो जाएगा।

By Ranbijay Kumar Singh Edited By: Sonu Suman Updated: Sun, 29 Sep 2024 09:35 PM (IST)
Hero Image
गत तीन वर्षों में दिल्लीवासियों को गर्मी से मिली सबसे अधिक राहत।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। तीन वर्षों में इस बार सितंबर का महीना गर्मी से सबसे अधिक राहत भरा रहा। इसका कारण यह है कि इस बार तीन वर्षों में वर्षा भी ज्यादा हुई। इससे प्रदूषण से भी राहत रही और महीने में एक दिन को छोड़कर बाकी दिन हवा की गुणवत्ता संतोषजनक या मध्यम श्रेणी में बनी रही।

मौसम विभाग के अनुसार वर्ष 2021 में सितंबर में मासिक औसत अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस था। तब दिल्ली में सितंबर में 18 दिन वर्षा हुई थी और महीने में कुल 413.3 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई थी। इसके बाद इस बार सितंबर में मासिक औसत अधिकतम तापमान सबसे 33.8 डिग्री सेल्सियस और औसत न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं इस माह 14 दिन वर्षा हुई और कुल 192.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

इस सप्ताह विदा हो जाएगा मानसून

दिल्ली में रविवार को आकाश काफी हद तक साफ रहा। दिन में अच्छी धूप भी निकली। इस वजह से पिछले दिन के मुकाबले तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को आकाश में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं लेकिन वर्षा होने की संभावना नहीं। अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

इसके बाद आकाश पूरी तरह साफ हो जाएगा और इस सप्ताह मानसून विदा हो जाएगा। रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य है। न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो दो डिग्री सेल्सियस अधिक है।

आज मध्यम श्रेणी में पहुंच सकती है हवा की गुणवत्ता

रविवार को एनसीआर में एयर इंडेक्स 100 से कम हवा की गुणवत्ता संतोषजनक श्रेणी में रही। दिल्ली का एयर इंडेक्स 76 दर्ज किया जो संतोषजनक श्रेणी में है। सितंबर में अब तक 18 दिन हवा की गुणवत्ता संतोषजनक श्रेणी में रही। वहीं दस दिन हवा की गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में रही थी। सिर्फ एक दिन 25 सितंबर को हवा खराब श्रेणी में रही थी। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण (सीपीसीब) के अनुसार हवा की गति कम होने और स्थानीय कारणों से सोमवार को प्रदूषण के स्तर में आंशिक बढ़ोतरी होने की संभावना है। इस वजह से दिल्ली में तीन दिन हवा की गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में रह सकती है।

यह भी पढ़ेंः दिल्ली के वाहन चालकों के लिए अच्छी खबर, हर इलाके में होगा फिटनेस जांच केंद्र; परिवहन विभाग ने निकाले टेंडर

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें