Move to Jagran APP

Delhi Metro : 30 मिनट तक प्रभावित रही ब्लू लाइन पर मेट्रो सेवा, यात्री हुए परेशान

Delhi Metro सोमवार को ब्लू लाइन दिल्ली के लक्ष्मीनगर स्टेशन पर तकनीकी कारणों से खराब हो गई। यहां पर तकरीबन आधे घंट तक खड़ी रही इस दौरान यात्रियों को खासी दिक्कत पेश आई।

By JP YadavEdited By: Updated: Mon, 04 Nov 2019 12:38 PM (IST)
Hero Image
Delhi Metro : 30 मिनट तक प्रभावित रही ब्लू लाइन पर मेट्रो सेवा, यात्री हुए परेशान
नई दिल्ली, ऑनलाइन डेस्क/एएनआइ। दिल्ली-एनसीआर की लाइफलाइन दिल्ली मेट्रो ने एक बार यात्रियों को दगा दिया है। सोमवार को ब्लू लाइन दिल्ली के लक्ष्मीनगर स्टेशन पर तकनीकी कारणों से खराब हो गई। इसके बाद यहां पर तकरीबन आधे घंट तक खड़ी रही, जिससे लोगों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। 

वहीं, इससे पहले इससे पिछले सप्ताह 2 नवंबर (शनिवार) को भी नोएडा से दिल्ली के द्वारका जाने वाले ब्लू लाइन रूट पर मेंटेंनेंस वर्क की वजह से दिक्कत आई थी। दिनभर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा था।

दरअसल, ब्लू लाइन मेट्रो कॉरिडोर पर शनिवार को पटरी में दरार आ गई। इस वजह पूरे कॉरिडोर पर मेट्रो का परिचालन करीब एक घंटा 20 मिनट तक प्रभावित रहा।

यह मामला सुबह के वक्त का है। दरार की वजह से मेट्रो ट्रेनें 15 से 30 मिनट की देरी से चल रही थीं जिसकी वजह से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ भी एकत्रित हो गई और लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी देरी हुई।

बहुत से यात्रियों ने दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के ट्विटर हैंडल पर ट्वीट करके शिकायत की और अपना रोष जाहिर किया। कई यात्रियों ने परिचालन प्रभावित होने के कारण ट्रेन छूटने की भी शिकायत की। पटरी को अस्थायी रूप से मरम्मत किए जाने के बाद डीएमआरसी ने सुबह करीब 9:52 बजे परिचालन सामान्य होने की सूचना दी। हालांकि इंद्रप्रस्थ मेट्रो स्टेशन से प्रगति मैदान के बीच पूरे दिन धीमी गति से मेट्रो का परिचालन हुआ।

डीएमआरसी का कहना है कि रात में परिचालन बंद होने के बाद पटरी को ठीक किया जाएगा। इसके बाद ही रविवार को इंद्रप्रस्थ से प्रगति मैदान के बीच सामान्य गति से मेट्रो का परिचालन हो सकेगा। डीएमआरसी का कहना है कि मौसम में बदलाव होने के कारण सुबह करीब 8:30 बजे इंद्रप्रस्थ से प्रगति मैदान के बीच पटरी की वेलिं्डग छूट गई थी। इस वजह से पटरी में दरार आ गई। इस कारण नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी/वैशाली से द्वारका सेक्टर 21 के बीच परिचालन प्रभावित हो गया।

सूचना मिलने पर डीएमआरसी के तकनीकी कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर जॉगल फिश प्लेट लगाकर पटरी की मरम्मत की और परिचालन सामान्य हुआ।

डीएमआरसी का कहना है कि तापमान में परिवर्तन होने पर पटरी की वेवेल्डिंग सिकुड़ती व फैलती है। इस वजह से कई बार वेल्डिंग छूट जाती है। मेट्रो में हर साल दो-तीन ऐसी घटनाएं होती हैं। अक्सर ऐसी घटनाएं सुबह ही होती हैं। डीएमआरसी का कहना है कि मेट्रो की पटरियों के बीच गिट्टी का इस्तेमाल नहीं होता। बल्कि मेट्रो की पटरी सीमेंट के ट्रैक पर जुड़ी होती है। इसलिए दरार आने पर भी मेट्रो की पटरी अपनी जगह से हिलती नहीं है। यह यात्रियों के लिए सुरक्षित तकनीक है।

यात्री बोले मेट्रो से अच्छी होती बैलगाड़ी

यात्रियों ने ट्वीट कर मेट्रो के प्रति नाराजगी जाहिर की। किसी ने मेट्रो की धीमी गति पर निराशा जाहिर करते हुए कहा कि इससे अच्छी बैलगाड़ी होती तो किसी ने निर्धारित समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पाने की शिकायत की। दीपक सिंह नामक यात्री ने कहा कि डीएमआरसी की सेवा कितनी खराब है। इसके करण ट्रेन छूट गई। क्या डीएमआरसी इसकी जिम्मेदारी लेगा। यदि समय से तकनीकी खराबी की सूचना दी जाती तो मेट्रो के बजाय अन्य वाहन का इस्तेमाल किया जा सकता था। डॉ. शैलेश भारद्वाज ने कहा कि कहा कि ब्लू लाइन की मेट्रो से परीक्षा देने जा रहा हूं। तकनीकी खराबी को जल्दी दूर करें। विशाल लाकड़ा ने कहा कि लोगों की शिकायतों पर कोई जवाब नहीं मिल रहा है। डीएमआरसी को किराया बढ़ाना आता है, लेकिन लोगों के सवालों का जवाब देना नहीं आता।

दिल्ली में प्रदूषण पर काबू पाने के लिए दिल्ली में सत्तासीन आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) सरकार ने  4-15 नवंबर तक वाहन चालकों के लिए सम-विषम (Odd Even Scheme) लागू की है। ऐसे में बसों और दिल्ली मेट्रो रेल निगम (Delhi Metro Rail Corporation) की ट्रेनों में और दिनों की तुलना में ज्यादा यात्री नजर आए।

दिल्ली-NCR की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।