दिल्ली का डॉक्टर महिला से दोस्ती कर बुरा फंसा, न एक बार हुई मुलाकात और गंवा बैठा 50 लाख
दक्षिणी दिल्ली का एक डॉक्टर महिला के झांसे में आकर लुट गया। उसने उसकी बातों में आकर 50 लाख रुपये गंवा दिए। उसे महिला ने ऑनलाइन निवेश में फायदा दिखा और विदेशी मुद्रा में कमाई बताकर ठगा है। शख्स को पहले फायदा दिखाकर लालच दिया गया फिर उससे कई बार निवेश करा लिए गए। इस तरह डॉक्टर फायदे के लालच में फंसता चला गया।
जागरण संवादाता, नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के एक डॉक्टर से पिछले कुछ महीने के दौरान विदेशी मुद्राओं में निवेश पर उच्च रिटर्न का झांसा देकर 50 लाख रुपये की धोखाधड़ी किए जाने का मामला सामने आया है। डॉक्टर की शिकायत पर दक्षिण जिला के साइबर सेल थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक इंटरनेट ब्राउज करते समय पीड़ित डॉक्टर की एक महिला से दोस्ती हुई थी। लगातार बातचीत करने पर उनके बीच विश्वास बढ़ता चला गया। महिला ने डॉक्टर को पहले छोटी रकम निवेश करने की सलाह दी और उन्हें एक वेबसाइट के बारे में जानकारी दी।
पहली बार निवेश पर मिला लाभ
भरोसा बढ़ने पर 20 मार्च को महिला के कहने पर उन्होंने 40 हजार का निवेश किया। जल्द बड़ा लाभ दिखाई देने वे निवेश करते चले गए। पहली बार डॉक्टर को 5,200 निकालने के लिए कहा गया। जब उन्होंने अधिक निवेश किया और अधिक लाभ दिखाए दिए तब और अधिक निवेश करने को कहा गया।
इस तरह दलदल में फंसा डॉक्टर
दूसरी बार डॉक्टर को 70 हजार निकालने को कहा गया। इस तरह डॉक्टर का विश्वास बढ़ता गया। पांच मई तक उन्होंने 23.9 लाख निवेश कर दिया था। जब उन्होंने पैसे निकालने का फैसला किया तो उन्हें सूचित किया गया कि उन्होंने 80 लाख का लाभ कमाया है।
इसके बाद उन्हें टैक्स के रूप में 16.4 लाख का भुगतान करने को कहा गया। विभिन्न बहाने से कुल 50 लाख का भुगतान करने के बाद डॉक्टर को जब धोखा होने का एहसास हुआ तब उन्होंने पुलिस में शिकायत कर दी।