Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Vande Bharat Train: वंदे भारत एक्सप्रेस की रफ्तार हुई कम, इस कारण से लिया गया बड़ा फैसला

अब वंदे भारत एक्सप्रेस की रफ्तार पहले की तुलना में कम (Vande Bharat Express Speed Reduced) होगी। रानी कमलापति और खजुराहो वंदे भारत के साथ गतिमान की गति 160 से कम करके 130 किलोमीट प्रति घंटे की गई। नई दिल्ली से आगरा के बीच कवच का काम चल रहा है इसके पूरा होने तक ट्रेनों की गति कम करने का निर्देश है।

By Santosh Kumar Singh Edited By: Monu Kumar Jha Updated: Tue, 25 Jun 2024 10:12 PM (IST)
Hero Image
Vande Bharat Train Speed: वंदे भारत एक्सप्रेस की रफ्तार हुई कम। फाइल फोटो

संतोष कुमार सिंह, नई दिल्ली। (Vande Bharat Speed Reduced Hindi) हाल में ही बंगाल में हुई ट्रेन दुर्घटना के बाद सुरक्षित ट्रेन परिचालन को लेकर रेलवे की चिंता बढ़ गई है। ट्रेन दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। इसके लिए सभी रूट व ट्रेनों को स्वदेशी टक्कर रोधी उपकरण कवच से लैस करने के काम में तेजी लाई जा रही है।

सुरक्षा कवच मिलने तक तेज गति से चलने वाली ट्रेनों की गति कम की जा रही है। नई दिल्ली-पलवल-आगरा रेल खंड पर भी ट्रेनों की गति कम करने का निर्देश जारी किया गया है। नई दिल्ली-रानी कमलापति वंदे भारत, हजरत निजामुद्दीन-खजुराहो वंदे भारत और नई दिल्ली-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी गतिमान एक्सप्रेस की अधिकतम गति 160 किलोमीटर प्रति घंटे है। इस रूट पर कवच नेटवर्क तैयार करने का काम चल रहा है।

पलवल से आगरा के बीच लगभग 80 किलोमीटर पर यह काम पूरा हो गया है। आठ कोच के वंदे भारत पर इसका सफल परीक्षण भी किया गया है। पिछले माह रेलवे बोर्ड की चेयरमैन जया वर्मा सिन्हा ने पलवल से वृंदावन रोड स्टेशन के बीच इसका निरीक्षण किया था। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि 16 कोच वाली ट्रेन पर भी परीक्षण किया जाना है। पूरे रेलखंड पर यह काम पूरा होने तक अब इन ट्रेनों की अधिकतम गति 130 किलोमीटर प्रति घंटे करने का निर्देश दिया गया है।

वर्ष 2016 में बढ़ाई गई थी इस रेलखंड की गति क्षमता

वर्ष 2016 में गतिमान एक्सप्रेस (Train Update) को चलाने के लिए नई दिल्ली से आगरा रेलखंड की गति क्षमता 150 किलोमीटर से बढ़ाकर 160 किलोमीटर की गई थी। उसके बाद इस रेलखंड पर रानी कमलापति व खजुराहो वंदे भारत को भी अधिकतम 160 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलाने का निर्णय लिया गया। अन्य रेलखंड पर वंदे भारत 130 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलती है।

नई दिल्ली-मुंबई रेलखंड की क्षमता 160 की जानी है

नई दिल्ली से आगरा होते हुए मुंबई रेलखंड पर ट्रेनों की गति 160 किलोमीटर प्रति घंटा किया जाना है। इसका काम चल रहा है। अधिकारियों का कहना है कि यह काम पूरा होने के बाद इस रूट पर चलने वाली वंदे भारत, शताब्दी, राजधानी सहित अन्य ट्रेनों की गति बढ़ाई जाएगी।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें