Move to Jagran APP

Delhi Weather: रुक-रुककर हो रही बारिश से दिल्ली में तापमान लुढ़का, आज ऐसा रहेगा राजधानी का मौसम

राजधानी दिल्ली में गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री कम 31.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सुबह से ही हल्की बारिश देखी गई। शाम साढ़े पांच बजे तक 9.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई आज भी बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया हुआ है। 10 जुलाई तक ऐसे ही हर रोज हल्की वर्षा होने की संभावना जताई गई है।

By Jagran News Edited By: Monu Kumar Jha Published: Fri, 05 Jul 2024 07:50 AM (IST)Updated: Fri, 05 Jul 2024 07:50 AM (IST)
रुक-रुककर हो रही बारिश से दिल्ली में सामान्य से छह डिग्री नीचे रहा तापमान।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। रुक रुककर हो रही वर्षा ने राजधानी की फिजा ही बदल दी है। बृहस्पतिवार को दिन भर मौसम सुहावना बना रहा तो अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शुक्रवार को भी कमोबेश ऐसा ही मौसम बना रहेगा।

अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज

बृहस्पतिवार सुबह जब दिल्ली वासी सोकर उठे तो बाहर हल्की वर्षा हो रही थी। मौसम भी सुहावना था। बीच बीच में वर्षा रुक भी जाती तो कुछ देर में फिर शुरू हो जाती। कई बार हल्की धूप और बादलों के बीच लुकाछिपी देखी गई। बृहस्पतिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री कम 31.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हवा में नमी का स्तर 100 से 77 रहा

मई और जून से लेकर अभी तक यह सबसे कम तापमान है। इससे कम तापमान अप्रैल माह में दर्ज किया गया था। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 24.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। हवा में नमी का स्तर 100 से 77 रहा। जहां तक वर्षा का सवाल है तो शाम साढ़े पांच बजे तक यह 9.8 मिमी दर्ज की गई।

पालम में 17.6 मिमी, लोधी रोड पर 8.0 मिमी, रिज क्षेत्र में 5.6 मिमी और आया नगर में सर्वाधिक 42.9 मिमी रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शुक्रवार को भी दिन भर बादल छाए रहेंगे।

10 जुलाई तक हर रोज हल्की वर्षा होने की संभावना

गर्जन वाले बादल बनने, बिजली चमकने एवं हल्की से मध्यम स्तर की वर्षा होने के आसार हैं। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 33 और 26 डिग्री रह सकता है। यलो अलर्ट भी जारी किया गया है। 10 जुलाई तक हर रोज ही हल्की वर्षा होने की संभावना है।


This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.