Move to Jagran APP

'माला पहनाने के बहाने आए और केजरीवाल पर...', CM आतिशी ने बताया कैसे हुआ पदयात्रा के दौरान हमला

CM आतिशी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि पदयात्रा में जिस तरह लोग माला पहनाने आते हैं उसी तरह BJP के कार्यकर्ता माला पहनाने के नाम पर आये फिर अरविंद केजरीवाल जी के खिलाफ नारेबाजी की और उन पर हमला कर दिया। इस हमले में केजरीवाल जी को कुछ भी हो सकता था। अगर बीजेपी के कार्यकर्ता के पास हथियार होते तो उनकी जान भी जा सकती है।

By V K Shukla Edited By: Sonu Suman Updated: Fri, 25 Oct 2024 09:56 PM (IST)
Hero Image
CM आतिशी ने बताया कैसे हुआ पदयात्रा के दौरान अरविंद केजरीवाल पर हमला?
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हमले की कोशिश करने का आरोप लगाया है। आप ने आरोप लगाया है कि विकासपुरी में पदयात्रा के दौरान भाजपा के लोगों ने केजरीवाल पर हमला करने की कोशिश की है।

वहीं, CM आतिशी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि पदयात्रा में जिस तरह लोग माला पहनाने आते हैं, उसी तरह BJP के कार्यकर्ता माला पहनाने के नाम पर आये फिर अरविंद केजरीवाल जी के खिलाफ नारेबाजी की और उन पर हमला कर दिया। इस हमले में केजरीवाल जी को कुछ भी हो सकता था। अगर बीजेपी के कार्यकर्ता के पास हथियार होते तो उनकी जान भी जा सकती थी।

दिल्ली पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की: CM आतिशी

उन्होंने बताया कि यह बीजेपी ने ही हमला कराया है, क्योंकि पहले भी बीजेपी के कार्यकर्ता केजरीवाल पर हमला कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक यह रिकॉर्ड है कि दिल्ली पुलिस ने हमलावर के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है।

उधर भाजपा ने कहा है कि जनविरोध को केजरीवाल व आप हमला बताकर लोगों को भ्रमति करने का प्रयास कर रही है। वहीं पश्चिमी दिल्ली जिला के पुलिस उपायुक्त ने पुलिस थाना विकासपुरी में केजरीवाल के साथ ऐसी कोई घटना हाेने से इनकार किया है।

रणनीति के तहत दिल्लीभर में हो रही पदयात्राएं

बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए आम आदमी पार्टी एक रणनीति के तहत दिल्ली भर में पदयात्रा कर रही है। पार्टी के प्रमुख नेता और कैबिनेट मंत्री प्रतिदिन पदयात्राएं कर रहे हैं। इनका पूर्व कार्यक्रम भी जारी हो रहा है। मगर इसके बीच-बीच में अरविंद केजरीवाल भी औचक पदयात्राएं कर रहे हैं। इसी क्रम में केजरीवाल शुक्रवार शाम विकासपुरी में थे। जहां भाजपा पर हमले का आरोप लगाया गया है।

आम आदमी पार्टी नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्वीट कर हमले की निंदा की है। उन्होंने लिखा कि अरविंद केजरीवाल पर हुआ हमला बेहद निंदनीय और चिंताजनक है।उन्होंने कहा कि यह साफ है कि भाजपा ने अपने लोगों से यह हमला कराया है।कहा कि केजरीवाल को कुछ होता है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी भाजपा पर होगी। उन्होने कहा कि हम डरने वाले नहीं हैं,आम आदमी पार्टी अपने मिशन पर डटी रहेगी।

पार्टी नेताओं ने बीजेपी पर जमकर फोड़े ठीकरे

पाठक ने कहा कि भाजपा ने अपने लोगों को भेजकर अरविंद केजरीवाल पर हमला करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि जिस तरह से लोग उन्हें समर्थन और प्यार दे रहे हैं, वह भाजपा से बर्दाश्त नहीं हो रहा है। इसी तरह मुख्यमंत्री आतिशी, आप के दिल्ली संयोजक गोपाल राय, राज्यसभा सदस्य संजय सिंह, आप नेता दिलीप पांडेय, दुर्गेश पाठक सहित पार्टी के सभी प्रमुख नेताओं ने भाजपा के लोगों द्वारा केजरीवाल पर हमला करने की कोशिश करने का आरोप लगा उसकी कठोर शब्दों में निंदा की है।

विधायकों से दिल्लीवासियों में नाराजगी बढ़ रही: सचदेवा

उधर आप के आरोपों पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि दिल्ली सरकार और आम आदमी पार्टी के विधायकों से दिल्लीवासियों में नाराजगी बढ़ रही है। लोग उनके सड़क पर आकर प्रश्न पूछ रहे हैं। विकासपुरी में लोगों ने केजरीवाल से गंदे पानी की शिकायत कर रहे थे। इससे नाराज होकर वह भाजपा पर हमला कराने के झूठे आरोप लगाना शुरू कर दिया।

उन्होंने कहा, जर्जर सड़कें, बदहाल सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति की समस्या, अधिक बिजली बिल वसूले जाने, खराब स्वास्थ्य व शिक्षा सेवा, बसों की कमी, आप विधायकों व पार्षदों के भ्रष्टाचार से दिल्लीवासी परेशान हैं। वह अब सड़क पर उतरकर केजरीवाल व आप विधायकों का विरोध कर रहे हैं। यह जनविरोध है और चुनाव नजदीक आने पर और बढ़ेगा। इसे हमला बताकर जनता को भ्रमित नहीं कर सकते हैं।

विधायक जल माफिया से मिले हुए हैं: कमलजीत सहरावत

पश्चिमी दिल्ली की सांसद कमलजीत सहरावत ने कहा, "विकासपुरी के विधायक जल माफिया के साथ मिले हुए हैं। केजरीवाल उन्हें संरक्षण दे रहे हैं। मटियाला के विधायक गुलाब सिंह और संगम विहार के विधायक दिनेश मोहनिया के विरुद्ध लोगों की नाराजगी का वीडियो भी सामने आया है। केजरीवाल को इस बार अपने सभी 58 विधायकों के टिकट काटने होंगे।"

यह भी पढ़ेंः अरविंद केजरीवाल पर पदयात्रा के दौरान हमले का AAP का दावा, पार्टी नेताओं ने BJP पर मढ़े आरोप; भाजपा की आई प्रतिक्रिया

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।