Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

दहेज में मिली कार से करने लगे लूटपाट, सब्जी वाले को शिकार बनाना पड़ गया महंगा

दिल्ली के केशवपुरम से आजादपुर सब्जी मंडी जा रहे एक सब्जी विक्रेता को कार सवार तीन बदमाशों ने लूटपाट के बाद फ्लाईओवर से रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया। इस घटना में पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित की रीढ़ की हड्डी व पैर में फ्रैक्चर है। पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि तीसरे की तलाश जारी है।

By dharmendra yadav Edited By: Pooja Tripathi Updated: Sat, 07 Sep 2024 08:31 PM (IST)
Hero Image
सब्जी विक्रेता को फ्लाईओवर से नीचे फेंकने वाले दो बदमाश केशवपुरम पुलिस के गिरफ्त में। सौ: दिल्ली पुलिस

जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। दिल्ली के केशवपुरम से आजादपुर सब्जी मंडी जा रहे एक सब्जी विक्रेता से कार सवार तीन बदमाशों ने पहले लूटपाट की, फिर उसे पुल से नीचे फेंककर फरार हो गए। जिससे पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गया।

करीब 24 घंटे बाद पीड़ित को होश आने पर इस घटना की जानकारी पुलिस को मिली। पीड़ित के बयान के आधार पर केशवपुरम थाना पुलिस ने इस मामले में दो बदमाशों को पकड़ लिया है, तीसरे की तलाश जारी है।

जानकारी के मुताबिक दिलीप कुमार केशवपुरम क्षेत्र में खुद के मकान में रहता है। जो आजाद मार्केट में सब्जी की दुकान चलाते हैं। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वह बृहस्पतिवार के तड़के करीब पांच बजे आजादपुर मंडी सब्जी लेने जा रहे थे।

कार सवार तीन बदमाशों ने पीछे से किया हमला

जैसे ही वह प्रेमबाड़ी पुल पर पहुंचा, पीछे से एक कार में सवार तीन बदमाश आए। उन्होंने मारपीट करने के साथ ही उनकी जेब से 1200 रुपये नकद और मोबाइल फोन निकाल लिया।

विरोध करने पर उन्होंने दिलीप कुमार को पुल से नीचे फेंक दिया। नीचे गिरते ही वह बेहोश हो गया, जब होश आया तो शोर मचाने पर कुछ लोग उनकी मदद के लिए आए। फिर इसकी सूचना पुलिस को दी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़ित की रीढ़ की हड्डी व पैर में फ्रैक्चर है। जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।

दहेज की कार से कर रहे थे लूटपाट

घटना की जानकारी मिलते ही केशवपुरम थाने में तैनात हेड कांस्टेबल लक्ष्मीकांत, संजीव, अमित मुकेश और एएसआई संजीव कुमार जांच में जुट गए। जांच में एक कार में कुछ संदिग्ध भागते हुए दिखे।

पुलिस ने कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर सबसे पहले बुराड़ी से आरोपित नितिन को गिरफ्तार किया। इसकी निशानदेही पर पुलिस ने दूसरे आरोपित सौरव को शालीमार बाग से दबोच लिया।

पूछताछ के दौरान नितिन ने बताया कि यह कार उसे दहेज में मिली थी। वहीं, पुलिस टीम फरार एक अन्य आरोपित की तलाश में जुटी है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लेगी।