Move to Jagran APP

हेरोइन और कोकीन की तस्करी में युगांडा की दो महिला तस्कर सहित तीन गिरफ्तार

महिला तस्करों के नाम जसेंट नाकलुंगी और शरीफा नमगांदा है। दोनों बहनों के पास से कुल नौ किलो मादक पदार्थ (आठ किलो हेरोइन और एक किलो कोकीन) बरामद हुई। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि मादक पदार्थ किंग्सले नाम के एक नाइजीरियाई नागरिक को सौपना है।

By Prateek KumarEdited By: Updated: Sat, 06 Feb 2021 02:56 PM (IST)
Hero Image
तस्करों के पास से 8 किलो हेरोइन और एक किलो कोकीन बरामद

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने मादक पदार्थ की तस्करी में विदेश से आई दो महिला तस्कर सहित भारत में रह रहे एक नाइजीरियाई को गिरफ्तार किया है। उनके पास से आठ किलो हेरोइन और एक किलो कोकीन बरामद की गई है। गिरफ्तार महिला तस्कर चचेरी बहन हैं। इस गिरोह की एक महिला तस्कर सहित कुल पांच लोगों को एनसीबी पहले ही गिरफ्तार कर चुका है। एनसीबी अधिकारी मामले की छानबीन कर रहे हैं।

एनसीबी के उप निदेशक केपीएस मल्होत्रा ने बताया कि विभाग लगातार मादक पदार्थ तस्करों पर नजर रख रहा है। इसी कड़ी में अधिकारियों ने गत वर्ष दिसंबर महीने में मादक पदार्थ की तस्करी करने वाले विदेशी गिरोह की एक महिला सहित पांच तस्करों को गिरफ्तार किया था। उसने पूछताछ में जानकारी मिली थी कि गिरोह की महिला तस्कर भारी मात्रा में हेरोइन और कोकीन की खेप लेकर आइजीआइ एयरपोर्ट पर आने वाली है। इसकी जानकारी के बाद अधिकारियों ने 28 जनवरी को विदेश से एयरपोर्ट पर आई युगांडा की दो महिला तस्करों को दबोच लिया। उन्होंने अपने बैग के अंदर बनाए गए गुप्त स्थान में मादक पदार्थ छुपा रखा था।

महिला तस्करों के नाम जसेंट नाकलुंगी और शरीफा नमगांदा है। दोनों बहनों के पास से कुल नौ किलो मादक पदार्थ (आठ किलो हेरोइन और एक किलो कोकीन) बरामद हुई। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि मादक पदार्थ किंग्सले नाम के एक नाइजीरियाई नागरिक को सौपना है। एनसीबी अधिकारियों ने उनकी निशानेदही पर नाइजीरियाई तस्कर को भी धर दबोचा। अधिकारी ने बताया कि भारत में अफगान से हेरोइन और अमेरिका से कोकीन की लगातार तस्करी के प्रयास किए जा रहे हैं। एजेंसी को शक ना हो इसके लिए तस्करी के लिए महिला तस्करों की मदद ली जा रही है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।