Move to Jagran APP

दिल्ली में भीषण गर्मी के बीच मौसम की करवट, आज आंधी-तूफान और बारिश के आसार; IMD ने जारी किया पूर्वानुमान

दिल्ली में आज रविवार को धूल भरी आंधी और हल्की वर्षा के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार आज रविवार को राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो मौसम के औसत से 4.2 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग ने आंधी-तूफान और बारिश की भविष्यवाणी की है और अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

By sanjeev Gupta Edited By: Abhishek Tiwari Published: Sun, 02 Jun 2024 10:05 AM (IST)Updated: Sun, 02 Jun 2024 10:05 AM (IST)
धूल भरी आंधी और बारिश के आसार

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। भीषण गर्मी के बीच आज भी मौसम की करवट देखने को मिल सकती है। धूल भरी आंधी के साथ हल्की वर्षा हो सकती है।

मौसम विभाग ने दिन में आंशिक बादल छाए रहने, धूप भी खिलने और तेज हवा चलने का पूर्वानुमान जारी किया है। रविवार सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान 30.4 डिग्री दर्ज हुआ। अधिकतम तापमान 43 डिग्री रह सकता है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि एक पश्चिमी विक्षोभ के असर से दिन में बादलों की आवाजाही व 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली धूल भरी तेज हवाएं चलने की संभावना है। हालांकि धूप भी खिली रहेगी। शाम के समय कहीं कहीं हल्की वर्षा हो सकती है।

ये भी पढ़ें-

Delhi Weather: सात सालों में दूसरा सबसे ज्यादा प्रदूषित रहा इस बार मई का महीना, ये वर्ष था सबसे अच्छा

मध्यम श्रेणी में दर्ज किया गया AQI

दूसरी तरफ दिल्ली की हवा अभी साफ चल रही है। सुबह नौ बजे दिल्ली का एक्यूआई 184 दर्ज किया गया जो 'मध्यम' श्रेणी में आता है। शून्य से 50 के बीच का AQI अच्छा, 51 से 100 के बीच का संतोषजनक, 101 से 200 के बीच का मध्यम, 201 से 300 के बीच का खराब, 301 से 400 के बीच का बहुत खराब और 401 से 500 के बीच का गंभीर माना जाता है।

गाजियाबाद : अगले दो दिन मंडराते रहेंगे बादल

दिल्ली एनसीआर के विभिन्न इलाकों में एक दिन पहले से वर्षा होने के बाद गाजियाबाद में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई। एक दिन पहले शाम को बादल छाए रहने के बाद बाद रविवार को भी आसमान में बादल मंडराते रहे, लेकिन गर्मी से उतनी राहत नहीं मिल सकी।

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिन आसमान में बादल मंडराते रहेंगे। बीते कई दिन से लगातार तेज धूप व लू से गर्मी में बुरा हाल था। रविवार को एनसीआर के विभिन्न इलाकों में बदले मौसम का असर गाजियाबाद में भी महसूस हुआ।

शनिवार की शाम को बादल मंडराते रहने के साथ हवा बही तो गर्मी से हल्की राहत रही थी। रविवार को सुबह से हल्के बादल मंडराते रहे, लेकिन साथ ही तेज धूप की वजह से गर्मी से उतनी राहत नहीं मिल सकी। रविवार को न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हवा अधिकतम 13 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चली। वातावरण में आर्द्रता 20 प्रतिशत दर्ज की गई। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिन तापमान में स्थिरता रहेगी। आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं। हवा अधिकतम 18 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चलेगी। वातावरण में आर्द्रता 20 प्रतिशत रह सकती है।


This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.