Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

राजधानी से भी तेज दौडे़गी स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस, मात्र इतने घंटे में दिल्ली से पहुंच जाएंगे हावड़ा

दिल्ली-हावड़ा रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए खुशखबरी है। इस रूट पर चलने वाली सबसे तेज ट्रेन राजधानी एक्सप्रेस मानी जाती है। जो 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ती है और करीब 17 घंटे में हावड़ा पहुंचती है लेकिन समय को और कम करने के लिए इस लाइन पर स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस चलने जा रही है। इसके चलने से 5 घंटे कम हो जाएंगे।

By Jagran News Edited By: Monu Kumar Jha Updated: Tue, 18 Jun 2024 08:18 PM (IST)
Hero Image
Vande Bharat Sleeper: राजधानी से भी तेज दौडे़गी स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस। फाइल फोटो

अमरीश मनीष शुक्ल, दिल्ली। दिल्ली हावड़ा रूट पर अलग-अलग सेक्शन में 90 से 130 किमी प्रति घंटा की गति से ट्रेनें चल रही हैं। इसमें सबसे तेज गति राजधानी एक्सप्रेस (130 किमी प्रति घंटे) की है। राजधानी से भी 17 घंटे से अधिक का समय लग रहा है लेकिन यह दूरी इससे कम समय में पूरी होने वाली है।

लगभग 12 घंटे में यात्रा होगी पूरी

यह होगा दिल्ली से हावड़ा के बीच प्रस्तावित स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन से। इसकी गति 130 से 160 किमी प्रति घंटे होगी। इससे लगभग 12 घंटे में यह यात्रा पूरी हो जाएगी। प्रयागराज के रास्ते देश की पहली वंदे भारत चलाने के बाद अब पहली स्लीपर वंदे भारत को भी इसी रास्ते चलाया जाएगा।

दिल्ली से हावड़ा की दूरी 1451 किमी

स्लीपर वंदे भारत दिल्ली-हावड़ा के अलावा दिल्ली-मुंबई रेल रूट पर चलेगी। इसमें दिल्ली से हावड़ा की दूरी 1451 किमी है। इस पर स्लीपर वंदे भारत का उद्घाटन इसी वर्ष हो जाएगा। दिल्ली-हावड़ा रूट का सर्वाधिक हिस्सा उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल से होकर गुजरता है और इस रूट को इस समय 160 किमी प्रति घंटा की गति से ट्रेनों को चलाने के लिए अपग्रेड किया जा रहा है।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव (Railway Minister Ashwini Vaishnav) ने भी दो महीने में स्लीपर वंदे भारत चलाने की घोषणा की है। एनसीआर के सीपीआरओ हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि वंदे भारत समेत अन्य ट्रेनों को 160 की गति से चलाने के लिए इस समय कवच से लेकर ट्रैक, तकनीक अपग्रेडेशन का कार्य चल रहा है। वंदे भारत को चलाने के प्रस्ताव पर अंतिम फैसला बोर्ड से होगा।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें