Move to Jagran APP

दिल्ली-NCR में बुधवार रहा सीजन का सबसे गर्म दिन, 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा तापमान

तेज धूप ने सुबह से शाम तक बेहाल कर दिया। स्थिति यह रही कि दोपहर में लू के थपेड़े लगे और धूप के कारण बाजार और सड़क सुनसान हो गए।

By Edited By: Updated: Thu, 30 May 2019 07:28 AM (IST)
Hero Image
दिल्ली-NCR में बुधवार रहा सीजन का सबसे गर्म दिन, 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा तापमान

नई दिल्ली /गुरुग्राम/रेवाड़ी/गाजियाबाद। मई के आखिरी दिनों में झुलसा देने वाली गर्मी ने आम लोगों का सड़क पर निकलना तक मुश्किल कर दिया है। बुधवार इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। रेवाड़ी में अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा। मंगलवार के मुकाबले अधिकतम और न्यूनतम दोनों ही तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

अधिकतम तापमान जहां आधा डिग्री बढ़ा है वहीं न्यूनतम तापमान में भी 1 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 43.5 व न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस था। सुबह से ही तेज धूप होने के कारण दिनभर सड़कें पूरी तरह से सूनी रही। लोग अपने घरों व दफ्तरों से बाहर नहीं निकले। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों तक तापमान और भी बढ़ सकता है। चिकित्सकों की भी लोगों को सलाह है कि वे तेज धूप में बाहर न निकले। अगर आवश्यक हो तो सिर पर कपड़ा डालकर ही निकलें।

वहीं दिल्ली से सटे गुरुग्राम में भी लू और प्रचंड गर्मी से जनजीवन प्रभावित होने लगा है। पिछले दो दिन से अधिकतम तापमान 43.0 डिग्री सेल्सियस से 44.0 डिग्री सेल्सियस के बीच झूल रहा था और बुधवार को अधिकतम तापमान 45.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

तेज धूप ने सुबह से शाम तक बेहाल कर दिया। स्थिति यह रही कि दोपहर में लू के थपेड़े लगे और धूप के कारण बाजार और सड़क सुनसान हो गए। मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल तेज गर्मी से राहत के कोई आसार नहीं है। चार-पांच दिनों तक उत्तर पश्चिमी शुष्क और गर्म हवाएं चलने से लू का रहने का अनुमान है। तापमान में इजाफा होगा, जिससे गर्मी और ज्यादा परेशान करेगी।

लू से करें बचाव
गर्मी में लू से बचाव करना जरूरी है। धूप में निकलने से बचें। बाहर निकलते समय पानी साथ जरूर रखें और पूरे शरीर को मोटे सूती कपड़ों से ढक कर रखें। ज्यादा मात्रा में शीतल पेय पदार्थों का सेवन करना चाहिए। अचानक एसी की हवा से धूप में नहीं जाना चाहिए और बाहर से भी अचानक एसी के कमरे में नहीं जाना चाहिए। पानी खूब पीएं ताकि डिहाइड्रेशन के खतरे से बचा जा सके।

वहीं गाजियाबाद में भी तेज धूप ने दिनभर परेशान किया। दोपहर में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। गर्मी से बचने के लिए किसी ने छतरी का सहारा लिया तो कोई गमछा बांधे नजर आया। दोपहर में सड़क पर कम ही लोग नजर आए।

आवश्यक कार्य से बाहर निकलने वाले लोग गर्मी से बचते दिखे। तेज धूप के दौरान गर्म हवाओं से सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को हुई। वहीं, चिलचिलाती गर्मी से निजात पाने के लिए लोग गन्ने का जूस, बेल का शरबत और जलजीरा-आम पना की दुकानों की ओर रुख कर रहे हैं

 दिल्ली-NCR की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।