Move to Jagran APP

Weather Update: दिल्ली में बढ़ने लगी ठंड, न्यूनतम तापमान में आई गिरावट; वायु गुणवत्ता भी सुधरी

Delhi Weather Forecast दिल्ली में ठंड बढ़ने लगी है और मंगलवार को इस सीजन की सबसे ठंडी सुबह दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ ही वायु गुणवत्ता में भी सुधार हुआ है। आने वाले दिनों में दिन के तापमान में भी गिरावट आने का अनुमान है। फिलहाल अभी न्यूनतम तापमान में गिरावट आ रही है और दिन तेज धूप से अधिकतम तापमान बना हुआ है।

By sanjeev Gupta Edited By: Geetarjun Updated: Wed, 16 Oct 2024 07:46 AM (IST)
Hero Image
न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ हवा की गुणवत्ता सुधरी।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। Delhi Weather Forecast: लगातार बदल रहे मौसम के बीच दिल्ली में अब सुबह और रात के समय ठंड का अहसास बढ़ने लगा है। एसी व कूलर भी बंद होने लगे है। आसमान साफ रहने से न्यूनतम तापमान में लगातार कमी आ रही है।

इसी क्रम में मंगलवार को दिल्ली में इस सीजन की सबसे ठंडी सुबह रही। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में दिन के तापमान में भी गिरावट आएगी।

न्यूनतम तापमान में बनी रहेगी गिरावट

मौसम विभाग का अनुमान है कि अभी अगले तीन-चार दिन तक आसमान साफ ही रहेगा। इसके चलते न्यूनतम तापमान में गिरावट बनी रहेगी। धीरे धीरे अधिकतम तापमान में भी गिरावट आएगी।

मंगलवार को सबसे कम रहा तापमान

मंगलवार को भी दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में सुबह से ही तेज चमकदार सूरज निकल गया था। दिन चढ़ने के साथ साथ धूप भी तीखी होती गई। हालांकि बीच बीच में आंशिक रूप से बादल भी छाए। न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 17.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस सीजन का सबसे कम है।

अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है। हवा में नमी का स्तर 83 से 35 प्रतिशत दर्ज किया गया।

पिछले साल 22 अक्टूबर को दर्ज हुआ सबसे कम तापमान

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले साल अक्टूबर में सबसे कम तापमान 22 अक्टूबर को 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। बुधवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान लगाया गया है। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमशः 35 डिग्री सेल्सियस और 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।

ग्रेटर नोएडा को छोड़ सभी जगह सामान्य रहा एक्यूआई

सोमवार को लगातार दूसरे दिन वायु गुणवत्ता (Air Quality) के ''खराब'' रहने पर ग्रेप (GRAP) के पहले चरण की पाबंदियां लागू की गई थीं, जबकि मंगलवार को ग्रेटर नोएडा के अलावा एनसीआर में सभी जगह एक्यूआई (AQI) 200 से नीचे गिरकर ''सामान्य'' श्रेणी में पहुंच गया। हालांकि दिल्ली में कई जगह का एक्यूआई ''बहुत खराब'' और ''गंभीर'' श्रेणी में भी दर्ज किया गया।

ये भी पढ़ें- अयोध्या में राम मंदिर बनने के बाद आध्यात्मिक निर्माण के लिए होगा महायज्ञ, 800 से अधिक वैदिक विद्वान शामिल होंगे

सोमवार और मंगलवार को कहां कितना रहा एक्यआई 

शहर सोमवार का एक्यूआई मंगलवार का एक्यूआई
दिल्ली 234 198
नोएडा 268 170
ग्रेटर नोएडा 274 206
गुरुग्राम 108  167
गाजियाबाद 261 181
फरीदाबाद 180 196
लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें